जबलपुर (मप्र)। मध्य प्रदेश पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने सोमवार को जबलपुर जिले के इमलई में पदस्थ आदिम जाति सेवा सहकारी समिति के एक अधिकारी के ठिकानों पर छापे मार कर उसकी आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक सम्पत्ति बरामद की। ईओडब्ल्यू जबलपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) देवेन्द्र सिंह ठाकुर ने बताया कि आदिम जाति सेवा सहकारी समिति इमलई में सहायक प्रबंधक के रूप में पदस्थ पन्ना लाल उइके के पास आय से अधिक सम्पत्ति होने की जानकारी मिली थी।
शिकायत की जांच के बाद ईओडब्ल्यू की टीम ने सोमवार की सुबह ग्राम जमागांव स्थिति उसके निवास तथा कार्यालय में छापे मारे। उन्होंने कहा कि छापे के दौरान टीम को दो मकान सहित 22.5 एकड़ जमीन की सात रजिस्ट्रियां मिली हैं। इसके अलावा एक ट्रैक्टर एक थ्रेशर चार दुपहिया वाहन एवे दो वाहन मिले हैं। आठ बैंक खाते सहित जीवन बीमा निगम (एलआईसी) में निवेश के दस्तावेज भी मिले हैं जिसके संबंध में जानकारी मांगी गयी है। उन्होंने कहा कि उइके के पास से उसकी आय के ज्ञात स्रोतों से 218 प्रतिशत अधिक सम्पत्ति मिली है। ठाकुर ने बताया कि ईओडब्ल्यू ने उइके के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और विस्तृत जांच जारी है।
