WPL 2027 का शेड्यूल जारी… जानिए कब होगी खिलाड़ियों की नीलामी और कब से शुरू होगा रोमांचक मुकाबला?

WPL 2027 का शेड्यूल जारी… जानिए कब होगी खिलाड़ियों की नीलामी और कब से शुरू होगा रोमांचक मुकाबला?

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने महिला प्रीमियर लीग के पांचवें संस्करण (WPL 2027) की तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। BCCI के अनुसार, टाटा WPL का 5वां सीजन 14 जनवरी से 7 फरवरी 2027 के बीच खेला जाएगा। इसके लिए खिलाड़ियों की नीलामी 28 अक्टूबर को कोच्चि में आयोजित की जाएगी। फ्रेंचाइजियों के लिए अपने मौजूदा दल के खिलाड़ियों को रिटेन करने की अंतिम तिथि 28 सितंबर निर्धारित की गई है।


बता दें, बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा कि WPL ने महिला टी-20 क्रिकेट के वैश्विक विकास में एक मील का पत्थर स्थापित किया है, जहां दुनिया भर की दिग्गज खिलाड़ियों के साथ युवा भारतीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता साबित करने का बेहतरीन मंच मिलता है। हालांकि, आगामी सीजन के लिए आयोजन स्थलों की घोषणा अभी नहीं की गई है। माना जा रहा है कि इस बार मुंबई, वडोदरा और बेंगलुरु के अलावा वाराणसी के गंजारी में बन रहे नए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को भी मेजबानी मिल सकती है।


उल्लेखनीय है कि WPL के अब तक खेले गए चार सत्रों में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का दबदबा रहा है। मुंबई इंडियंस ने 2023 और 2025 में ट्रॉफी जीती, जबकि RCB ने 2024 और 2026 में खिताब पर कब्जा जमाया। आगामी सीजन में यूपी वॉरियर्स, गुजरात टाइटंस, दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई और बेंगलुरु की पांचों टीमें नए तालमेल के साथ मैदान पर उतरेंगी।

Leave a Reply

Required fields are marked *