11 सितंबर की बैंक हड़ताल फिलहाल नही टलने के संकेत

11 सितंबर की बैंक हड़ताल फिलहाल नही टलने के संकेत

हरदोई ( उत्तरप्रदेश)

केंद्रीय श्रमायुक्त (सीएलसी), नई दिल्ली द्वारा आज बुलाई गई सुलह वार्ता को लेकर देर शाम तक बैंक यूनियनों को बैठक के औपचारिक परिणाम अथवा किसी सहमति की आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है। ऐसी स्थिति में 11 सितंबर 2026 की राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान फिलहाल यथावत है।

हड़ताल के पूर्व आंदोलन के अगले चरण के तहत मंगलवार को बैंक कर्मचारियों ने पूरे दिन ड्यूटी के दौरान काली पट्टी/काला बैज बांधकर अपना विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों ने इस माध्यम से अपनी लंबित मांगों के प्रति एकजुटता प्रदर्शित करते हुए सरकार और बैंक प्रबंधन से शीघ्र ठोस समाधान की मांग की।

गौरतलब है कि सोमवार को वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस), वित्त मंत्रालय ने सभी बैंकों को पत्र जारी कर स्केल-4 एवं उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू लाभ-संबद्ध प्रोत्साहन योजना (पीएलआई) पर रोक लगाने का निर्देश दिया है। बैंक यूनियनों ने इस कदम को महत्वपूर्ण माना है, लेकिन केवल पीएलआई पर रोक को पर्याप्त समाधान नहीं माना है।

बैंक यूनियनों की मांग है कि पीएलआई से संबंधित मुद्दे पर स्पष्ट एवं लिखित समझौता किया जाए। इसके साथ ही 5-दिवसीय बैंकिंग सप्ताह को तत्काल लागू करने के लिए सरकार द्वारा राजपत्र अधिसूचना जारी की जाए। यूनियनों का कहना है कि 5-दिवसीय बैंकिंग सप्ताह के मुद्दे पर सहमति बनने के बावजूद इसके क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी की जा रही है।

इसके अतिरिक्त द्विपक्षीय स्तर पर लंबे समय से लंबित कर्मचारियों से जुड़े अन्य मुद्दों का भी शीघ्र समाधान किए जाने की मांग की जा रही है। बैंक यूनियनों का कहना है कि केवल एक मुद्दे पर आंशिक कदम उठाने के बजाय सभी लंबित मांगों का समग्र एवं सम्मानजनक समाधान आवश्यक है।

बैंक यूनियनों ने अपनी मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का कार्यक्रम घोषित कर रखा है। इसके तहत 11 सितंबर 2026 को एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल, इसके बाद 28, 29 एवं 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल तथा मांगों का समाधान नहीं होने की स्थिति में 26 अक्टूबर 2026 से बेमियादी राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है।

हरदोई में मंगलवार को आयोजित काला फीता/काला बैज विरोध कार्यक्रम को बैंक यूनियनों ने व्यापक समर्थन मिलने का दावा किया। जिले के विभिन्न बैंकों के कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान काली पट्टी बांधकर आंदोलन के प्रति अपनी एकजुटता प्रदर्शित की।

इस कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, यूको बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, नैनीताल बैंक, फेडरल बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक तथा ग्रामीण बैंक सहित विभिन्न बैंकों के कर्मचारी शामिल रहे।

बैंक यूनियनों ने कहा कि काली पट्टी बांधकर किया गया विरोध सरकार और बैंक प्रबंधन के लिए स्पष्ट संदेश है कि कर्मचारी अपनी जायज़ मांगों और लंबित समझौतों के क्रियान्वयन के लिए एकजुट हैं। सीएलसी की आज की बैठक के औपचारिक परिणाम की प्रतीक्षा की जा रही है। यदि कोई ठोस एवं स्वीकार्य समाधान सामने नहीं आता है, तो 11 सितंबर की राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होगी।


Leave a Reply

Required fields are marked *