नेपाल फ्लैश फ्लड का असर, महाराजगंज और कुशीनगर में अलर्ट, गंडक-नारायणी नदी की निगरानी तेज

नेपाल फ्लैश फ्लड का असर, महाराजगंज और कुशीनगर में अलर्ट, गंडक-नारायणी नदी की निगरानी तेज

महाराजगंज/कुशीनगर: नेपाल के रसुवा जिले के सीमावर्ती टिमुरे क्षेत्र में अचानक आए भारी जलप्रवाह के बाद भोटेकोशी नदी में बाढ़ की स्थिति बन गई है। इस घटना को देखते हुए उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिला प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। बुधवार सुबह करीब 9 बजे तिब्बत की ओर से अचानक अत्यधिक मात्रा में पानी आने के कारण नेपाल के टिमुरे क्षेत्र में जलस्तर तेजी से बढ़ा, जिससे टिमुरे बाजार और नदी किनारे बसे इलाकों में नुकसान की प्रारंभिक जानकारी सामने आई है।


नेपाल में आई इस फ्लैश फ्लड का असर भोटेकोशी-त्रिशूली नदी तंत्र के जरिए निचले इलाकों तक पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। इसी को देखते हुए महाराजगंज प्रशासन ने गंडक नदी के जलस्तर की लगातार निगरानी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर राजस्व विभाग, पुलिस, संबंधित तहसील प्रशासन, एसडीआरएफ और अन्य विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।


वहीं, नेपाल फ्लैश फ्लड को देखते हुए कुशीनगर में भी नारायणी नदी को लेकर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। नदी किनारे बसे क्षेत्रों में निगरानी के लिए कैंप लगाए गए हैं और संभावित आपात स्थिति से निपटने की तैयारियां की जा रही हैं।


जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि नदी तटीय और निचले क्षेत्रों में रहने वाले लोग सतर्क रहें। जलस्तर बढ़ने या प्रशासन की ओर से चेतावनी जारी होने पर तुरंत सुरक्षित और ऊंचे स्थानों की ओर चले जाएं। बच्चों, बुजुर्गों और पशुओं को नदी या जलभराव वाले क्षेत्रों के पास जाने से रोकने की अपील की गई है।


प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने को कहा है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक जिला आपातकालीन संचालन केंद्र (DEOC) महाराजगंज से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए हेल्पलाइन नंबर 05523-222162, 1077 आपदा हेल्पलाइन, 9628819145 और 9621333537 जारी किए गए हैं।

Leave a Reply

Required fields are marked *