स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली को दहलाने की धमकी, हाईकोर्ट, एयरपोर्ट और डीएम ऑफिस समेत कई अहम जगहों को बम से उड़ाने की धमकी

स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली को दहलाने की धमकी, हाईकोर्ट, एयरपोर्ट और डीएम ऑफिस समेत कई अहम जगहों को बम से उड़ाने की धमकी

स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) से ठीक पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहाँ दिल्ली की पांच प्रमुख लोकेशन्स को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। जिन स्थानों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है, उनमें दिल्ली हाई कोर्ट, जामनगर हाउस, झंडेवालान फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, साकेत स्थित एमबी ऑफिस/डीएम ऑफिस, दिल्ली एयरपोर्ट का टर्मिनल 3 और एसडीएम ऑफिस दिल्ली कैंट शामिल हैं। दमकल विभाग के अनुसार, सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियाँ और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत सभी लोकेशन पर रवाना कर दी गईं, हालाँकि अब तक की जाँच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।


यह धमकी भरा मेल दिल्ली हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल के आधिकारिक ईमेल आईडी पर प्राप्त हुआ था। मेल में अदालत परिसर और जजों के कक्ष में बम होने का दावा करते हुए दोपहर दो बजे तक परिसर खाली कराने और धमाका करने की चेतावनी दी गई थी। ईमेल मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम डिस्पोजल स्क्वायड, डॉग स्क्वायड और फायर ब्रिगेड की टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाल लिया और गहन जाँच शुरू कर दी। दिल्ली हाई कोर्ट के ज्वाइंट सेक्रेटरी वकील कुनाल ने बताया कि शुरुआती जाँच से ऐसा प्रतीत होता है कि यह धमकी फर्जी (हॉक्स) थी और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।


स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पूरी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही चाक-चौबंद है। डीसीपी नॉर्थ राजा बांठिया ने जानकारी दी कि 15 अगस्त के जश्न और सुरक्षा के लिए विभिन्न एजेंसियों के करीब 15,000 से 20,000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों, ‘अभिज्ञान’ एप्लिकेशन और वीडियो एनालिटिक्स के जरिए करीब 3 किलोमीटर के दायरे में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। वहीं, स्पेशल सेल और साइबर क्राइम यूनिट ईमेल भेजने वाले के आईपी एड्रेस और सर्वर का पता लगाने में जुटी हुई है ताकि इस घबराहट फैलाने वाले कृत्य के पीछे के आरोपियों को पकड़ा जा सके।

Leave a Reply

Required fields are marked *