उत्तरप्रदेश
हरदोई में भाजपा विधायक के भतीजे पर सपा जिला पंचायत सदस्य के परिवार ने किया हमला कर दिया और मरणासन्न स्थिति में छोड़कर चले गए । जिसमें विधायक के भतीजे बुरी तरह घायल हो गए ।
हरदोई के सवायजपुर में कूड़ा डालने और रास्ते में जानवर बांधने को लेकर शुरू हुआ विवाद बुधवार को हिंसक हो गया। भाजपा विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह के भतीजे और रानी इंद्र कुंवरि विद्यालय के प्रबंधक अजीत प्रताप सिंह उर्फ विवेक सिंह पर हमला कर दिया गया। घटना के दौरान हवाई फायरिंग की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने समाजवादी पार्टी की जिला पंचायत सदस्य रजनी पाल और उनके ससुर जागेश्वर पाल समेत अन्य लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। आरोप है कि विवेक सिंह ने विद्यालय के सामने गंदगी फैलाने और रास्ते में जानवर बांधने से मना किया था जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
परिजनों का आरोप है कि मंगलवार को भी विवेक सिंह ने गंदगी फैलाने से लोगों को रोका था।बुधवार को विद्यालय पहुंचने पर दोबारा गंदगी देखकर उन्होंने विरोध किया तो पहले से मौजूद लोगों ने उन पर हमला बोल दिया।आरोप है कि धारदार हथियार से हमला करने के साथ उन्हें मरणासन्न हालत में छोड़ दिया गया।
वहीं पुलिस के मुताबिक मौके पर हवाई फायर हुआ और विपक्षी पक्ष की ओर से छत से ईंट आदि से विवेक सिंह के सिर पर प्रहार किया गया। हमले में उनके सिर में गंभीर चोट आई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सवायजपुर पहुंचाया।
सीएचसी सवायजपुर से प्राथमिक उपचार के बाद विवेक सिंह को हरदोई मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां से उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।चिकित्सकों ने सिर में इंजरी बताई है और साफ किया कि उन्हें गोली नहीं लगी है।पुलिस के मुताबिक तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद सवायजपुर में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्क है और कानून-व्यवस्था सामान्य बताई गई है।
