बीजेपी महिला आरक्षण के नाम पर कर रही ‘आधी आबादी’ का बंटवारा: लोकसभा में गरजीं डिंपल यादव

बीजेपी महिला आरक्षण के नाम पर कर रही ‘आधी आबादी’ का बंटवारा: लोकसभा में गरजीं डिंपल यादव

नई दिल्ली: महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा के दौरान समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। लोकसभा में अपनी बात रखते हुए डिंपल यादव ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए और आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी महिला सशक्तिकरण के नाम पर केवल खुद को मजबूत करने और सत्ता में बने रहने की राजनीति कर रही है।

जाति जनगणना से भाग रही है सरकार

डिंपल यादव ने सदन में पुरजोर तरीके से जाति जनगणना का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया कि अगर सरकार महिलाओं के प्रति गंभीर है, तो 2024 में अब तक जनगणना क्यों नहीं कराई गई? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जानबूझकर जाति जनगणना से भाग रही है क्योंकि वह पिछड़ों और वंचितों को उनका वास्तविक हक नहीं देना चाहती। डिंपल यादव ने मांग की कि महिला आरक्षण के भीतर अल्पसंख्यक महिलाओं के लिए भी कोटा सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

सरकार की कार्यप्रणाली पर निशाना साधते हुए सपा सांसद ने कहा कि वर्तमान सरकार संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने में लगी है। सुरक्षा के मोर्चे पर घेराव करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में आतंकी घटनाएं बढ़ी हैं और हमारे जवान लगातार शहीद हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की हर ‘गारंटी’ अब पूरी तरह फेल साबित हो चुकी है।

2029 में विदाई तय: डिंपल

आगामी राजनीतिक भविष्य पर टिप्पणी करते हुए डिंपल यादव ने दावा किया कि जनता अब इस सरकार की सच्चाई समझ चुकी है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2029 के चुनाव में भाजपा की केंद्र की सत्ता से विदाई तय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण के पक्ष में तो है, लेकिन बिना पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के हक के, यह विधेयक केवल ‘आधी आबादी’ में बंटवारा करने की एक कोशिश मात्र है।

Leave a Reply

Required fields are marked *