UP: 2 कैब ड्राइवरों ने लड़की को किडनैप किया, दिल्ली-गाजियाबाद की सड़कों पर 1 घंटे तक घुमाते रहे

UP: 2 कैब ड्राइवरों ने लड़की को किडनैप किया, दिल्ली-गाजियाबाद की सड़कों पर 1 घंटे तक घुमाते रहे

गाजियाबाद में गुरुवार रात कार सवार दो युवकों ने 20 साल की लड़की को किडनैप किया। लड़की के साथ मारपीट की। फिर उसे लाइटर से जलाने की कोशिश की। लड़की को दिल्ली-गाजियाबाद की सड़कों पर 1 घंटे तक घुमाते रहे। जब शराब पीने के लिए गाड़ी रोकी तो लोगों ने एक को पकड़ लिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों कैब ड्राइवर हैं।

घरों में आया का काम करती है युवती

पीड़ित युवती लिंक रोड इलाके में ब्रजविहार डबल स्टोरी की रहने वाली है। वो घरों में आया (बच्चों को पालना) का काम करती है। युवती के पिता ने बताया, मेरी बेटी गुरुवार शाम करीब साढ़े 6 बजे काम से घर लौट रही थी।

रास्ते में गाजियाबाद में ब्रज विहार पुलिया स्थित कौशिक नर्सिंग होम के पास कार सवार दो युवकों ने बेटी को जबरन रोक लिया। उन्होंने मेरी बेटी को जबरन घसीटते हुए कार में बैठा लिया और मारपीट की। इसमें उसका सिर फट गया। पिता का आरोप है कि बेटी के कपड़े फाड़ दिए। उसके साथ उसके साथ जबरदस्ती भी की।

दिल्ली पुलिस के पीछा करने पर भागे

कार सवार आरोपी इस युवती को पहले गाजियाबाद से दिल्ली के लक्ष्मीनगर इलाके में ले गए। वहां कुछ राहगीरों ने कार में संदिग्ध हरकत देखी तो दिल्ली पुलिस को फोन किया। दिल्ली पुलिस ने पीछा शुरू किया तो आरोपी वहां से कार लेकर भाग गए और गाजियाबाद में NH-9 स्थित गौड़ पार्क के पास आ गए।

यहां उन्होंने सड़क किनारे कार खड़ी की। पीड़िता के पिता ने बताया, वो मेरी बेटी को बार-बार पेट्रोल से जलाने की धमकी दे रहे थे। इस दौरान आरोपियों ने एक मिनट के लिए योजना विहार ठेके के पास गाड़ी रोकी और वहां पर बंद कार के अंदर शराब पी।

पीड़िता ने शीशे पर हाथ मारे, तब पब्लिक को चला पता

गाड़ी लॉक थी। पीड़िता ने जब कार के शीशे पर कई दफा हाथ मारा तब लोगों को कुछ संदिग्ध लगा। इसके बाद लोगों ने कार को घेर लिया। इसमें एक आरोपी मौके पर पकड़ा गया, जबकि दूसरा भाग गया।

यूपी-112 कंट्रोल रूम की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी और पीड़िता को पुलिस थाना इंदिरापुरम ले गई। वहां से मामला थाना लिंक रोड का निकला तो दोनों को वहां ले जाया गया। एक आरोपी की पहचान पर दूसरे को भी कुछ देर बाद पकड़ लिया गया।

कैब ड्राइवर हैं दोनों आरोपी, आज होंगे कोर्ट में पेश

डीसीपी विवेक चंद्र यादव ने बताया, पकड़े गए आरोपी कुशांत और प्रिंस तिवारी हैं। दोनों ब्रिज विहार के रहने वाले हैं। पुलिस ने कार भी बरामद कर ली है। पीड़िता के पिता ने दोनों आरोपियों पर IPC सेक्शन-342, 354(ख), 323 और 506 में FIR कराई है। पुलिस ने बताया कि आज आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

युवती पहले आरोपी के घर किराए पर रहती थी

पुलिस की प्राथमिक जांच में पता चला है कि पीड़िता पहले कुशांत के घर में किराए पर रहती थी। इसलिए दोनों में पहले से जान-पहचान थी। पीड़िता की शादी करीब 3 साल पहले हुई थी। लेकिन कुछ दिनों बाद ही पति से तलाक हो गया। इस वजह से वह अपने मायके में रह रही है।

हालांकि अभी ये पता नहीं चल पाया है कि इस वारदात को अंजाम देने के पीछे आरोपियों की सही मंशा क्या थी? कहीं कोई पुरानी रंजिश तो नहीं थी? पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच चल रही है।

Leave a Reply

Required fields are marked *