UP: 20 दिन लेट आएगा मानसून, जुलाई के सेकंड वीक में आने का अनुमान, आज 24 जिलों में बारिश अलर्ट

UP: 20 दिन लेट आएगा मानसून, जुलाई के सेकंड वीक में आने का अनुमान, आज 24 जिलों में बारिश अलर्ट

यूपी में मानसून के लिए इंतजार करना होगा। इस बार मानसून के 20 से 25 दिन लेट होने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, प्रदेश में 10 से 15 जुलाई यानी जुलाई के सेकंड वीक के बीच मानसून आ सकता है। आमतौर पर यूपी में मानसून की एंट्री 18 जून तक हो जाती है। यानी, पिछले 12 सालों में इस बार सबसे लेट मानसून आएगा।

हालांकि, राहत की बात यह है कि भले ही मानसून लेट आए। लेकिन, बरसने में कोई कोताही नहीं करेगा। अनुमान है कि यूपी में 98% औसत बारिश होगी। पूर्वी हिस्से में इस बार सामान्य से ज्यादा यानी 106% बारिश का अनुमान है। फिलहाल, मानसून से पहले मई महीने में यूपी में सामान्य 31.8 मिमी की जगह 72.6 मिमी यानी 128% ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई।

चलिए, सबसे पहले आपको आज के मौसम का हाल बताते हैं...

पश्चिम के 24 शहरों में आज अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार को पूर्वी यूपी का मौसम साफ रहेगा। पश्विम के 24 जिलों में तेज हवा और बारिश का अनुमान है। इन जिलों में सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, बुलंदशहर, गौतमबुद्ध नगर, मथुरा, अलीगढ़, बरेली, कासगंज, फिरोजाबाद, आगरा, इटावा, औरेया, हाथरस और एटा हैं। सहारनपुर में शुक्रवार तड़के तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हुई।

वहीं, गुरुवार को पश्चिम के ही 8 जिलों में हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई। इनमें बिजनौर में सबसे ज्यादा 5.4 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा, हाथरस में 4.8, एटा में 3.7, मथुरा में 3, मुजफ्फनगर में 2.3 शामली में 2, अलीगढ़ में 1.4 और नोएडा में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग के मुताबिक, शहरों में अब पारा बढ़ना शुरू हो जाएगा। खासकर प्रदेश के पूर्वी जिलों में। क्योंकि, यहां अभी प्री-मानसून एक्टिविटी के आसार नहीं हैं। पूर्वांचल और बुदेलखंड के शहरों का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। कुछ शहरों में पारा 45 डिग्री को भी पार कर सकता है।

चलिए, अब आपको बताते हैं कि मानसून आखिर लेट क्यों हो रहा है...

केरल में 6 जून तक मानसून, फिर महाराष्ट्र के रास्ते आएगा यूपी

लखनऊ के मौसम विज्ञानी डॉ. सुशील द्विवेदी ने बताया, केरल में 3 जून को दक्षिण-पश्चिम मानसून आना था। अब इसके 6 जून तक दस्तक देने की संभावना है। मानसून सामान्य तौर पर केरल के बाद महाराष्ट्र और फिर उत्तर भारत की ओर बढ़ता है। अगर मौसमी चक्र बीच में बनते हैं, तो यह मानसून का रूट बिगाड़ सकते हैं। इस बार मई-जून में ऐसे मौसमी चक्र बने हैं। जिसने देशभर के मौसम में बदलाव किया है। ऐसे में मानसून के भटकाव की आशंका है। यही वजह है कि मानसून 20 से 25 दिन लेट हो सकता है।

डॉ. द्विवेदी बताते हैं, मानसून एक प्रकार की हवा है, जो हिंद महासागर में अप्रैल से अक्टूबर तक दक्षिण-पश्चिम दिशा से चलती है। अक्टूबर से अप्रैल तक यह उत्तर-पूर्व दिशा से चलती है। अप्रैल से अक्टूबर तक चलने वाली हवा से बारिश होती है। भारत में मानसून केरल से होते हुए तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, ओडिशा के अन्य हिस्सों में आता है।

मानसून सीजन में कब-कितनी बारिश होने की संभावना

जून में प्री-मानसून से पहले 10% बारिश हो सकती है।

जुलाई में औसत अनुमान से 85% बारिश का पूर्वानुमान है।

अगस्त में औसत अनुमान का 98% बारिश हो सकती है।

सितंबर में औसत अनुमान का 126% बारिश का पूर्वानुमान है।

मानसून सामान्य है या अच्छा है, इसे कैसे नापा जाता है?

पूरे देश में हुई औसतन बारिश को लॉन्ग पीरियड एवरेज (LPA) के आधार पर अलग-अलग कैटेगरी में बांटा गया है।

लॉन्ग पीरियड एवरेज (LPA) के 90 से 110% के बीच हुई बारिश को सामान्य माना जाता है।

लॉन्ग पीरियड एवरेज (LPA) के 90% से कम बारिश को सामान्य से कम माना जाता है।

लॉन्ग पीरियड एवरेज (LPA) के 110% से ज्यादा बारिश को सामान्य से ज्यादा माना जाता है

वाराणसी में धूप खिली, गर्मी कर रही परेशान

वाराणसी में धूप खिली हुई हैं। वाराणसी में आज‌ न्यूनतम तापमान 27°C और अधिकतम 41°C दर्ज किया गया हैं। यहां लोगों को गर्मी परेशान करने वाली है।

प्रयागराज में आसमान साफ, बारिश के आसार नहीं

प्रयागराज में तेज धूप खिली है। इस सुबह 9:30 बजे 32°C तापमान दर्ज किया गया। 5 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। आसमान बिल्कुल साफ है। इस सप्ताह बारिश के आसार नहीं हैं। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक पूरे सप्ताह तेज धूप खिलेगी जिससे तापमान में बढ़ोतरी होगी।

आगरा में बारिश का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के मुताबिक आगरा में आज और कल बारिश होने की संभावना है। आज सुबह से ही तेज धूप निकली है, इससे उमस बढ़ गई है। आज दिन में अधिकतम तापमान 36°C और न्यूनतम तापमान 22°C रहने का अनुमान है।

मथुरा में रात को हल्की बारिश, सुबह खिली धूप

सुबह से धूप खिली हुई है। गुरुवार को दिन भर धूप रही, रात को हल्की बारिश हुई। सुबह के मौसम में ठंडक बनी हुई है। सुबह का तापमान 26°C है। अधिकतम 35°C तक पहुंचने की संभावना है।

Leave a Reply

Required fields are marked *