यूपी के 19 जिलों में आज हीट वेव का अलर्ट, पारा 45°C पहुंचने का अनुमान, झांसी रहा सबसे गर्म

यूपी के 19 जिलों में आज हीट वेव का अलर्ट, पारा 45°C पहुंचने का अनुमान, झांसी रहा सबसे गर्म

यूपी में मौसम विभाग ने 19 जिलों में अगले 48 घंटों तक यानी शनिवार-रविवार के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। 22 मई से फिर से प्री-मानसून बारिश के आसार हैं। ऐसे में गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। उधर, शुक्रवार को भी 19 जिलों का तापमान 40 डिग्री को पार कर गया।

मौसम विभाग लखनऊ के वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ का चक्रवात सोमवार शाम या मंगलवार सुबह से प्रदेश में एक्टिव होगा। इससे पहले गर्मी और बढ़ेगी। शहरों का तापमान 3 डिग्री बढ़ने की संभावना है। यानी, जहां पारा 40 से 42 डिग्री के बीच है, वहां 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। हालांकि, चक्रवात एक्टिव होते ही बूंदाबांदी, आंधी का दौर फिर से शुरू हो जाएगा।

इन 19 जिलों के लिए जारी हुआ अलर्ट

मौसम विभाग ने मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, प्रयागराज, हमीरपुर, चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर, बांदा, महोबा, जौनपुर, कुशीनगर, गोरखपुर, आजमगढ़, मऊ और संतकबीर नगर के लिए हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। यलो अलर्ट का मतलब है पारा 45 से 47 डिग्री तक भी पहुंच सकता है। ऐसे में बेहतर होगा कि मौसम पर नजर रखें।

अब प्रदेश में बीते 24 घंटे का मौसम

झांसी सबसे गर्म, मथुरा-वृंदावन, आगरा, अलीगढ़ भी तपा

बीते 24 घंटे यानी शुक्रवार के तापमान की बात करें तो यूपी में झांसी सबसे गर्म शहर रहा। यहां का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद मथुरा-वृंदावन का तापमान 42.5 डिग्री दर्ज किया गया। आगरा और अलीगढ़ का तापमान 41 डिग्री के करीब रिकॉर्ड किया गया। वहीं, सबसे कम मुजफ्फरनगर का पारा रहा। यहां 37 डिग्री दर्ज किया गया।

अब प्रदेश के अगले 24 घंटे का मौसम

न्यूनतम तापमान बढ़ेगा, रात भी गर्म होगी

यूपी में अगले 24 घंटे तपिश का अनुमान है। दिन के साथ रात में भी पारा बढ़ने लगा है। शहरों के न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है। यानि रातें भी गर्म होने लगी हैं। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात में मुरादाबाद सबसे ठंडा रहा। यहां पारा 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, प्रयागराज में 22.6 डिग्री, कानपुर में 25.4 डिग्री और लखनऊ में 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

चलिए अब आपको बताते हैं हीट वेव कंडीशन क्या होती है?

आमतौर पर लोग लू को ही हीट वेव समझते हैं, लेकिन ऐसा नहीं है। जब किसी क्षेत्र में तापमान सामान्य से कहीं ज्यादा बढ़ जाए और ऐसा कई दिनों तक बना रहे तब उसे हीट वेव कहते हैं। इस दौरान क्षेत्र में ह्यूमिडिटी भी ज्यादा होती है। IMD यानी भारत मौसम विज्ञान विभाग 3 परिस्थितियों में हीट वेव का अलर्ट जारी करता है।

पहली: जब मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा होता है। ऐसे हालात में उन क्षेत्रों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया जाता है।

दूसरी: हर क्षेत्र का एक सामान्य अधिकतम तापमान होता है। जब उस क्षेत्र में तापमान सामान्य से 4.5-6.4 डिग्री सेल्सियस के बीच बढ़ता है, तब भी हीट वेव का अलर्ट जारी होता है।

तीसरी: जब किसी क्षेत्र में अधिकतम तापमान 45-47 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया जाता है, तो भी उसे हीट वेव साइकिल का हिस्सा माना जाता है।

यूपी के 7 प्रमुख शहरों का शुक्रवार का तापमान...

शहर अधिकतम न्यूनतम

आगरा 41.2 26.0

कानपुर 41.2 29.6

लखनऊ 39.2 25.0

मथुरा 42.5 27.0

प्रयागराज 42.4 22.6

वाराणसी 41.4 26.2

आजमगढ़ 39.8 15.0

Leave a Reply

Required fields are marked *