Meerut: Aryan ने 10 दिन पहले प्लान किया Papa का मर्डर, दोस्त आदित्य के पिता को भी मारने की साजिश थी

Meerut: Aryan ने 10 दिन पहले प्लान किया Papa का मर्डर, दोस्त आदित्य के पिता को भी मारने की साजिश थी

मेरठ में पिता और टीचर मां की हत्या करने वाले आर्यन ने 10 दिन पहले मर्डर प्लान किया था। उसने अपने दोस्त आदित्य को भी इसमें शामिल होने के लिए तैयार कर लिया। तय हुआ था कि आर्यन के पिता की हत्या के बाद दोनों मिलकर आदित्य के पिता की हत्या करेंगें। आदित्य भी अपने पिता को पसंद नहीं करता था।

आर्यन और आदित्य से पुलिस पूछताछ में यह खुलासा हुआ है। आर्यन ने दादी के बर्थडे सेलिब्रेशन के बहाने मर्डर का प्लान बनाया था। पुलिस ने मंगलवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। बुधवार को जेल भेज दिया। पुलिस ने दोनों से पूछताछ की

सबसे पहले वारदात की बात...

शास्त्रीनगर इलाके में मंगलवार को घर में प्रमोद कर्णवाल और उनकी टीचर पत्नी ममता की हत्या कर दी गई थी। दोनों के शव कमरे के बेड पर मिले थे। इस हत्याकांड में पुलिस ने उसी दिन उनके इकलौते बेटे आर्यन और उसके दोस्त आदित्य को गिरफ्तार कर लिया था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया। सख्ती से पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया था। बुधवार को पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया।

अब पूछताछ में क्या-क्या पता चला उसकी बात...

दोस्त आदित्य लाया था नींद की गोलियां

आर्यन ने बताया कि दोस्त आदित्य नींद की गोलियां लेकर आया था। आदित्य के पिता डिप्रेशन में रहते हैं। उनका न्यूरो का इलाज चल रहा है। पत्नी की मौत हो चुकी है। इनकी दवाओं में नींद की गोलियां भी शामिल हैं। उनके डॉक्टर प्रिस्क्रिप्शन को दिखाकर आदित्य ने गढ़ रोड की मेडिकल शॉप से 4 पत्ते नींद की दवा खरीदी थी।

पुलिस पूछताछ के दौरान आर्यन ने यह भी कहा कि उसने CCTV कैमरे का ध्यान नहीं रखा और मोबाइल की सिम भी नहीं बदला। इसलिए पकड़ा गया। वरना वह पकड़ा नहीं जाता।

आदित्य ने साथ क्यों दिया?

आदित्य ने आर्यन का पिता के मर्डर में साथ क्यों दिया? पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आर्यन ने बताया कि अगला नंबर आदित्य के पिता का था। आदित्य अपने पिता से परेशान था। नौचंदी इलाके के राजेंद्र नगर में रहने वाला आदित्य भी मेरठ कॉलेज का छात्र है।

वहीं, आदित्य ने पुलिस को बताया कि उसकी मम्मी की मौत हो चुकी है। पापा शराब पीने के आदी हैं। घर पर जरा भी ध्यान नहीं देते हैं। इससे वह परेशान था। आर्यन ने पापा की हत्या के लिए आदित्य को साथ मिला लिया था। दोनों ने तय किया था पहले आर्यन के पिता को मारेंगे। कुछ दिन बाद इसी तरह आदित्य के पिता की हत्या करेंगे।

पूरे परिवार को नशीली गोलियां खिलाईं

जिस दिन वारदात हुई उसी दिन आर्यन की दादी का जन्मदिन था। आर्यन की बहन गुड़गांव से नहीं आई थीं। लेकिन आर्यन मेरठ पहुंच गया। उसका प्लान था कि बर्थडे सेलिब्रेशन के बाद हत्या करके निकल जाऊंगा। फिर पीछे के रास्ते घर में आकर पिता की हत्या करेगा और चुपचाप चला जाएगा। पार्टी से पहले ही उसने तय कर लिया था कि नींद की गोलियों की ओवर डोज से पापा, मम्मी, दादा-दादी को बेहोश करेंगे।

मैंगोशेक नहीं, पिता को कुल्फी में दवा मिलाकर खिलाई

आर्यन का प्लान था कि सभी को मैंगोशेक में नींद की गोलियां मिलाकर देगा। मगर पिता (प्रमोद) ने मैंगोशेक पीने से मना कर दिया। इसके बाद आर्यन कुल्फी लेकर आया। फिर कुल्फी में नींद की दवा मिलाकर उनको खिलाई।

आर्यन घर से पार्टी करके निकल गया। उसने परिवार को बताया कि वह गुड़गांव जा रहा है। लेकिन, वह गुड़गांव नहीं गया। उसने अपने दोस्त आदित्य को साथ लिया। 1 घंटे बाद दोबारा घर पहुंच गया। मुख्य गेट बंद था। इसलिए, उसने पापा के मोबाइल पर कॉल किया। उनसे गेट खोलने के लिए।

पापा के गले पर वार किया, लेकिन वो मरे नहीं

पुलिस के मुताबिक, आर्यन जब दोबारा घर पहुंचा तब पिता सोए नहीं थे। उन पर नींद की गोलियों का ज्यादा असर नहीं हुआ। बाकी, मेंबर्स सो गए थे। यह देखकर आर्यन अपने दोस्त के साथ पिता के सोने का इंतजार करने लगा। तब तक दोनों ने मोबाइल पर गेम खेला।

रात करीब 1 बजे किया हमला

रात करीब एक बजे जब प्रमोद सो गए। तब आर्यन आदित्य के साथ पहली मंजिल पर गया। वहां पति-पत्नी सो रहे थे। आर्यन ने पिता के मुंह पर रुमाल रखा। चाकू से उनके गले पर वार कर दिया। लेकिन नसें पूरी तरह से नहीं कटी। वह तड़पने लगे। आवाज सुनकर मां ममता भी जाग गई।

वो बाथरूम की तरफ भागी, लेकिन नींद की गालियों के असर से लड़खड़ा गईं। इसके बाद आर्यन और आदित्य ने जल्दी-जल्दी प्रमोद को पकड़ा। उनके गले, पीठ और पेट पर दोबारा वार किया। इससे उनकी मौत हो गई।

आदित्य ने की थी ममता की हत्या

पुलिस पूछताछ में इस बात का भी खुलासा हुआ है कि आदित्य ने ममता की हत्या की थी। दोनों की ममता की हत्या की प्लानिंग नहीं थी। लेकिन, जब ममता ने पति की हत्या करते दोनों को देख लिया तो आदित्य डर गया। उसने ममता को पकड़ा। मुंह पर रुमाल रखा। फिर गले में 3 वार किए। आर्यन ने आदित्य से मां ममता के मर्डर के लिए मना किया था। पिता की हत्या के बाद वह कांप रहा था। लेकिन आदित्य नहीं माना।

दोनों की हत्या के बाद आदित्य और आर्यन ने खून से सने कपड़े उतारे। उनको बैग में भरा। नए कपड़े पहने। रात 1.20 बजे पर स्कूटी लेकर आर्यन गुड़गांव चला गया। पुलिस को स्कूटी, खून से सने कपड़े और चाकू मिल गया है। सामने आया कि मर्डर के लिए ये चाकू खैरनगर से खरीदा गया था।

आर्यन को सांस की बीमारी, जेल में था परेशान

आदित्य, आर्यन दोनों को बुधवार को जेल भेज दिया। बताया जा रहा है कि आर्यन को सांस की बीमारी है। जेल में इनहेलर न मिलने के कारण वो काफी परेशान रहा। पड़ोसियों में यह चर्चा भी रही कि आदित्य, आर्यन दोनों एक दूसरे के बेहद क्लोज हैं।

आर्यन ने कहा-पापा शराब पीकर मम्मी को पीटते थे

SSP रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि CCTV फुटेज और विवेचना के आधार पर मृतक का बेटा आर्यन और उसका दोस्त आदित्य का नाम प्रकाश में आया है। दोनों ने बताया कि उनका इरादा केवल पिता प्रमोद को मारने का था। लेकिन मां तभी जाग गई और उसे भी हत्या कर दी। दोनों की हत्या कर गुड़गांव फरार हो गए। आर्यन ने बताया कि पिता शराब पीकर मम्मी को पीटते थे। घर में कलह रहती थी। माहौल खराब रहता था। इसलिए उसने यह हत्या कर दी। दोनों को अरेस्ट कर लिया गया है।


 h9b7k9
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *