UP: लखनऊ में धूलभरी आंधी, 27 जिलों में बारिश का अलर्ट, पूर्वी यूपी के 24 शहरों में भीषण गर्मी की संभावना

UP: लखनऊ में धूलभरी आंधी, 27 जिलों में बारिश का अलर्ट, पूर्वी यूपी के 24 शहरों में भीषण गर्मी की संभावना

यूपी में मौसमी उतार चढ़ाव का सिलसिला जारी है। प्रदेश में नम हवाएं आने से प्री-मानसून बारिश के आसार बढ़ गए हैं। मौसम विभाग ने आज वेस्ट यूपी के 27 जिलों में बारिश-आंधी की संभावना जताई है। वहीं, पूर्वी यूपी के 24 जिलों में अगले 3 दिनों तक भीषण गर्मी के आसार हैं। इससे पारा 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। यानी, गुरुवार को प्रदेश में मौसम के दो पहलू देखने को मिल सकते हैं।

लखनऊ में गुरुवार सुबह काले बादल छाए हैं। तेज हवाएं चल रहीं हैं। वहीं, अयोध्या में भी बादल छाए है। इससे पहले, बुधवार शाम को आगरा और झांसी में बारिश हुई। आगरा में करीब 10 मिनट तक ओले गिरे। बुधवार को लखनऊ का अधिकतम पारा 41.7°C और न्यूनतम 25.2°C रिकॉर्ड किया गया। जबकि 44.2°C के साथ प्रयागराज सबसे गर्म शहर रहा।

26 मई तक रुक-रुकरुक कर बारिश का अनुमान

कानपुर की CSA यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, अरब सागर, बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं यूपी में आ रही हैं। ऐसे में 26 मई यानी अगले 8 दिनों तक कई इलाकों में बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान 30 से 35 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। यानी मई महीने की शुरुआत भी बारिश के साथ हुई है और खत्म भी बारिश के साथ होने का अनुमान है।

यूपी में अगले एक हफ्ते का मौसम विभाग का पूर्वानुमान

18 और 20 मई को पश्चिमी, मध्य व बुंदेलखंड क्षेत्र में आसमान साफ रहेगा। वेस्ट यूपी में आंधी-बारिश के आसार हैं। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में पहले 3 दिनों के दौरान कोई विशेष बदलाव होने की संभावना नहीं है।

20 और 21 मई को यूपी के 75 जिलों में तापमान में 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। इस कारण बुंदेलखंड क्षेत्र और आस-पास के जिलों में लू चलने की संभावना है।

22 और 23 मई को बुंदेलखंड, पश्चिमी और मध्य यूपी के कुछ जिलों में गरज चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है।

25 और 26 मई को पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में हल्की बारिश के आसार हैं। 26 मई को पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना है। 27 मई को उत्तरी यूपी में बारिश होने की संभावना है।

इन 27 जिलों में आंधी-पानी का अलर्ट

मौसम विभाग ने वेस्ट यूपी में बागपत, बरेली, बदायूं, आगरा, मथुरा, मुरादाबाद, अमरोहा, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, मेरठ, हापुड़, सहारनपुर, अलीगढ़, हाथरस, मुजफ्फरनगर, रामपुर, शाहजहांपुर, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, शामली, बिजनौर, नजीबाबाद , फर्रुखाबाद, इटावा, औरैया में आंधी-पानी का अलर्ट जारी किया है।

इन 24 जिलों में गर्मी पड़ने के आसार

कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, कन्नौज, चित्रकूट, कानपुर देहात, ​​​​प्रयागराज, वाराणसी, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, प्रतापगढ़, गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, जौनपुर, कुशीनगर, गोरखपुर, आजमगढ़, मऊ और संतकबीर नगर हैं।

आगरा में बारिश के बाद भी गर्मी का सितम कम नहीं हुआ। यहां का पारा झांसी के बाद सबसे गर्म 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं झांसी का पारा यूपी में सबसे अधिक 44 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। कानपुर में बुधवार देर शाम तेज धूल भरी हवाओं ने लोगों को परेशान कर दिया।

यूपी के प्रमुख शहरों का तापमान...

शहर अधिकतम न्यूनतम

आगरा 43.1°C 25.0°C

गोरखपुर 39.7°C 26.6°C

झांसी 44.0°C 26.5°C

कानपुर 43.3°C 26.8°C

लखनऊ 41.7°C 25.2°C

मेरठ 40.2°C 25.0°C

प्रयागराज 44.2°C 26.8°C

वाराणसी 42.8°C 27.4°C

अन्य शहरों में मौसम का हाल

गाजियाबाद में रात में बारिश, सुबह बादल छाए

गाजियाबाद और नोएडा के कुछ हिस्सों में बुधवार रात करीब एक बजे बारिश हुई है। इस वजह से गुरुवार सुबह से मौसम साफ है। तेज रफ्तार हवाएं चल रही हैं। आसमान में हल्के बादल हैं। लोगों को गर्मी से मामूली निजात मिली है।

अयोध्या में बादल, रात में बदलेगा मौसम

अयोध्या में गुरुवार सुबह आसमान में बादल छाए हैं। 10 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। इसके बावजूद उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हैं। शहर में बुधवार का न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आचार्य नरेंद्र देव कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार, आज अधिकतम तापमान 40 डिग्री पार कर सकता है। इसके चलते उमस भरी गर्मी रहेगी। मौसम शुष्क बना रहेगा। रात में मौसम में बदलाव होने की संभावना है।

प्रयागराज में सुबह से निकली धूप

प्रयागराज में गुरुवार को मौसम साफ है। सुबह धूप निकली है। शहर का न्यूनतम तापमान 27°C जबकि अधिकतम तापमान 44 °C रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे ऐसे ही मौसम बना रहेगा। हालांकि देर शाम हल्की हवाओं का झोंका लोगों को थोड़ा गर्मी से राहत दे सकता है।

बरेली में साफ रहेगा मौसम, सुबह से निकली धूप

बरेली में गुरुवार सुबह धूप निकली है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज मौसम साफ रहेगा। न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है। दिन में अधिकतम तापमान 41 डिग्री रहेगा। दिन में लू चलेंगी, और हवा की स्पीड 12 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी। इससे पहले बुधवार शाम के समय अचानक मौसम बदला और धूल भरी तेज हवाएं चलीं।

आगरा में सुबह निकली धूप

आगरा में बुधवार शाम को आई तेज आंधी और ओलावृष्टि के बाद गुरुवार को सुबह से कड़ी धूप निकली। मौसम विभाग के मुताबिक आज न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। 21 मई तक दिन का तापमान 46 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके बाद मौसम में फिर बदलाव आ सकता है। दिन में एक या अधिक बार तेज आंधी और बारिश के साथ ओले गिर सकते हैं।


 y00hi5
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *