Rajasthan: राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार जोशी ने संभाला

Rajasthan: राजस्थान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार जोशी ने संभाला

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई के नवनियुक्तअध्यक्ष सी पी जोशी ने सोमवार का यहां अपना कार्यभार संभाला और कार्यकर्ताओं को राज्य की कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प द‍िलाया। जोशी ने कहा कि वह राज्य में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं के सहयोग से काम करेंगे और भाजपा अगले विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ कांग्रेस को परास्त करेगी। दिल्ली से सड़क मार्ग से जयपुर पहुंचे जोशी ने सोमवार दोपहर बाद यहां पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में पूजा-अर्चना के बाद कार्यभार संभाला।

इसके बाद उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित क‍िया। राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए जोशी ने कहा, ‘‘हमें ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकना है जिसने युवाओं के साथ धोखा किया, उस सरकार को उखाड़ फेंकना है जिसने किसानों के साथ धोखा किया।’’ राज्य के अनेक इलाकों में हाल में हुई ओलावृष्टि का जिक्र करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि राज्‍य सरकार ने कोई आकलन (गिरदावरी) नहीं करवाई जबकि प्रभावित किसान खून के आंसू रो रहे हैं। उन्‍होंने कहा, ‘‘आप और हम सब लोग मिलकर इस सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लें।’’

राज्‍य में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसका जिक्र करते जोशी ने कहा, ‘‘हम छह महीने तक न सोयेंगे न सोने देंगे। इस कांग्रेस सरकार की नींद हराम कर देंगे और 2023 (के विधानसभा चुनाव) में प्रचंड बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी, इसका संकल्प लेकर जाएं।’’

इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं से नरेंद्र मोदी सरकार की योजनाओं व उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार पर जोर दिया और कहा कि ‘‘अब हमें इनके होर्डिंग गांव ढाणियों तक लगाने होंगे। इस संबंध में उन्होंने अयोध्या में राममंदिर निर्माण व जम्मू कश्‍मीर में अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधान निरस्त किये जाने का भी जिक्र किया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद जोशी ने ट्वीट किया, ‘‘भारतीय जनता पार्टी राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष पद पर आज पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर मैं संकल्प लेता हूं कि राष्ट्रहित एवं संगठन सेवार्थ सदैव तत्पर रहूंगा। शीर्ष नेतृत्व का आभार एवं समस्त कार्यकर्ताओं के स्नेह का मैं जीवन पर्यंत ऋणी रहूंगा।’’

इससे पहले कोटपूतली में पत्रकारों से बातचीत में जोशी ने कहा, ‘‘हम टीम राजस्थान के रूप में काम करेंगे। मैं पार्टी का कार्यकर्ता हूं और वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और समर्थन के साथ (प्रदेश अध्यक्ष के रूप में) काम करूंगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम टीम राजस्थान बनेंगे और पार्टी को आगे बढ़ाएंगे।’’ उन्‍होंने राज्‍य की कांग्रेस सरकार को ‘नक्‍कारा व निकम्‍मा’ करार दिया। वहीं जोशी का दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कई जगहों पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। वह जयपुर में खोले के हनुमान जी मंदिर भी गए। जोशी के कार्यभार ग्रहण कार्यक्रम को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह दिखा। राज्य के अनेक हिस्‍सों से कार्यकर्ता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में जुटे। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत व कैलाश चौधरी, संगठन महामंत्री चंद्रशेखर भी मौजूद थे।


 6hfnyh
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *