यूपी में बारिश-ओले का अलर्ट: ललितपुर में इतने ओले गिरे की परत जम गई, 5 घायल; किसान बोरे में भरकर DM ऑफिस ले गए

यूपी में बारिश-ओले का अलर्ट: ललितपुर में इतने ओले गिरे की परत जम गई, 5 घायल; किसान बोरे में भरकर DM ऑफिस ले गए

यूपी में मौसम के उलटफेर का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 33 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। वहीं, शुक्रवार देर शाम ललितपुर और झांसी में ओले गिरे। ललितपुर में 30 मिनट में इतने ओले गिरे कि जमीन पर सफेद चादर की परत जम गई।

यहां बेर की साइज के ओले गिरने से खेत में काम कर रहे 5 किसान घायल हो गए। वहीं, फसलों का भी नुकसान हुआ। इसके बाद नाराज किसान ओले को बोरे में भरकर ललितपुर डीएम ऑफिस ले गए। वहां अफसरों ने तुरंत फसल नुकसान के सर्वे के निर्देश दिए। वहीं, झांसी में भी कई इलाकों में ओलावृष्टि हुई।

4 दिन अभी ऐसा ही रहेगा मौसम

शनिवार सुबह भी कानपुर, सहारनपुर में हल्की बारिश हुई। वहीं, लखनऊ, आगरा, प्रयागराज, अयोध्या में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले 4 दिन यानी 22 मार्च तक यूपी का मौसम ऐसा ही उलटफेर भरा रहेगा। शुक्रवार को 36.2°C के साथ वाराणसी सबसे गर्म जिला रहा है। वहीं, 16.3°C के साथ बरेली सबसे ठंडा शहर रिकॉर्ड किया गया।

लखनऊ में अधिकतम तापमान 27.2 °C और न्यूनतम तापमान 20.6°C दर्ज किया गया। इससे पहले शुक्रवार लखनऊ, प्रयागराज और आगरा में बादल छाए हैं। शुक्रवार को लखनऊ, आगरा और अयोध्या में भी बारिश हुई थी। इधर, सीएम योगी ने आपदा से हुई जनहानि में प्रत्येक प्रभावित परिवार को 4 लाख रुपए देने का निर्देश दिया है। वहीं, बारिश-ओलावृष्टि से प्रभावित क्षेत्र में तेजी से राहत कार्य करने की कहा है।

प्रयागराज, आगरा समेत 33 जिलों में आज बारिश-ओले का अलर्ट

मौसम विभाग ने प्रदेश के जिन 33 शहरों के लिए बारिश और ओले का अलर्ट जारी किया है। इनमें सीतापुर‚ शाहजहांपुर‚ बाराबंकी‚ कौशांबी, प्रयागराज‚ सोनभद्र‚ मिर्जापुर‚ भदोही‚ बस्ती‚ सिद्धार्थनगर‚ गोंड़ा‚ बलरामपुर‚ श्रावस्ती‚ बहराइच‚ शामली‚ मुजफ्फरनगर‚ बागपत‚ मेरठ हैं।

इसके अलावा, गाजियाबाद‚ गौतमबुद्धनगर‚ अलीगढ़‚ मथुरा‚ आगरा‚ हाथरस‚ फिरोजाबाद‚ मैनपुरी‚ बिजनौर‚ मुरादाबाद‚ रामपुर‚ बरेली‚ पीलीभीत, बुलंदशहर, बांदा शामिल हैं। इन जिलों में से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी।

ललितपुर में ओले गिरने से 10 किसान घायल, 5 भर्ती

यूपी में इस सीजन में अब तक की सबसे बड़ी ओलावृष्टि ललितपुर में हुई। यहां बारिश और ओले गिरने से 10 से अधिक किसान घायल हो गए। 5 को तो अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। दुर्जनपुरा गांव निवासी कल्याण सिंह चोटिल होने से अस्पताल में भर्ती हैं।

उन्होंने कहा, खेत में मटर की फसल काट रहे थे। अचानक तेज ओले गिरने लगे। बचने के लिए कोई साधन नहीं था। ओले हमारे सिर पर गिर रहे थे। ऐसे में हम लोगों ने फसल के गठ्‌ठे सिर पर रखकर अपनी जान बचाई। मवेशी खेत पर ही बंधे रहे। पूरी फसल ओले से खराब हो गई।

बारिश और ओले गिरना बंद होने के बाद दुर्जनपुरा गांव में एंबुलेंस कॉल की गई। इस दौरान घायलों के साथ ही कुछ किसान ओले को बोरी में भरकर एंबुलेंस में ले गए। पहले अस्पताल फिर डीएम ऑफिस पहुंच गए। फसलों के नुकसान को लेकर किसान परेशान थे। डीएम ने SDM और लेखपाल की टीम भेजकर फसलों के नुकसान के सर्वे करने के निर्देश दिए हैं।

झांसी में 10 मिनट में ओले की सफेद चादर बिछ गई

झांसी में गांव में शुक्रवार शाम को करीब 10 मिनट तक तेज ओलावृष्टि हुई। यहां बेदौरा, पृथ्वीपुरा, नयाखेड़ी, घिसौली, हीरापुरा, ग्वावली समेत अन्य गांवों में तेज ओले गिरे और बारिश हुई। झांसी के बेदौरा गांव के रहने वाले होती सिंह राजपूत ने बताया कि शुक्रवार शाम खेत में काम कर रहे थे। अचानक बारिश के साथ ओला गिरने लगा। करीब 5 से 10 मिनट तक तेज बारिश के साथ ओले गिरे। इससे फसल को बहुत नुकसान हुआ है।

एक्सपर्ट के मुताबिक, मौसम में बदलाव से लोगों को गर्मी से जरूर राहत मिलेगी। लेकिन, पकने की कगार पर खड़ी रबी की फसलों को नुकसान होगा। पश्चिमी विक्षोभ, पुरवा और पछुआ हवाओं के मिलने से मौसम में यह बदलाव हुआ है।

बारिश से किसानों की बढ़ी चिंता

एक तरफ बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं, किसानों की चिंता बढ़ गई हैं। किसान इस समय आलू की खुदाई कर रहे हैं। सरसों की फसल भी पककर तैयार है, लेकिन बारिश से किसानों की उम्मीदों को नुकसान हो सकता है। किसानों का कहना है कि अगर बारिश होती है, तो आलू खेत में ही सड़ जाएगा। सरसों की बाली भी टूटकर जमीन पर गिर जाएगी।

बदले मौसम में किसानों के लिए एडवाइजरी जारी

कृषि विभाग ने बदलते मौसम को देखते हुए किसानों के लिए एडवाइजरी जारी की है। किसानों को सिंचाई न करने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही कटी हुई फसल को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दें। बुवाई, कीटनाशक दवा का छिड़काव भी न करें। आंधी-बारिश से फसल गिरने की आशंका है। बारिश ज्यादा हुई, तो सरसों की फसल को अधिक नुकसान हो सकता है।

लखनऊ में आसमान में छाए बादल

लखनऊ में शनिवार सुबह से आसमान में बादल छाए हैं। शुक्रवार सुबह हुई बारिश से तापमान में गिरावट होने से लोगों को गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग ने आज शाम तक बारिश की संभावना जताई है।

कानपुर में आज सुबह बारिश हुई। इसके बाद से आसमान में घने बादल छाए हैं। हालांकि लोगों को तापमान में गिरावट होने से गर्मी से राहत मिली है। गुरुवार-शुक्रवार तक कुल 6.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने बताया कि 21 मार्च तक तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार है। शुक्रवार को दिन का तापमान 27.4 से 28 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम है। रात का पारा 16.6 से 15.6 डिग्री दर्ज किया गया।

अयोध्या में 22 मार्च तक बारिश का अलर्ट

अयोध्या में सुबह से आसमान में घने बादल छाए हैं। शुक्रवार को 5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। शहर में तापमान गिरने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था, जो सामान्य से 5.8 अधिक रहा। जबकि अधिकतम तापमान 31.5 दर्ज किया गया। जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक रहा।

आचार्य नरेंद्र देव कृषि प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ अमर नाथ मिश्र के अनुसार, 22 मार्च तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में मध्यम से घने बादल छाए रहने साथ बारिश होने की संभावना है।

सहारनपुर में शुक्रवार-शनिवार तक 6.6 मिमी बारिश

सहारनपुर में शुक्रवार देर रात से रुक-रुककर बारिश हुई। इसके बाद से तापमान में गिरावट होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। शुक्रवार-शनिवार तक 6.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम में बदलाव के कारण अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं देर रात से बारिश होने पर जिले में बिजली की व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई।

यूपी के 5 शहरों का शुक्रवार की रात का तापमान। अधिकतम तापमान 37.2 °C दर्ज किया गया।

शहर अधिकतम तापमान

वाराणसी 36.2 °C

कानपुर नगर 34.7 °C

बांदा 34.2 °C

हमीरपुर 34.2 °C

सुल्तानपुर 33.6°C


 nc4kq0
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *