जेब काटने के शक में युवक को गंजा किया, 5 गिरफ्तार

जेब काटने के शक में युवक को गंजा किया, 5 गिरफ्तार

गाजियाबाद में जेब काटने के शक में भीड़ ने एक युवक को पहले मारा-पीटा। फिर गंजा कर दिया। युवक हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा। कहता रहा कि मैंने जेब नहीं काटी है। बावजूद इसके भीड़ ने ट्रिमर से बाल काटकर गंजा कर दिया। पिटाई करने वालों का कहना था कि उन्होंने युवक को जेब काटते हुए रंगे हाथ पकड़ा है। उसकी जेब से उस्तरा भी मिला है। फिलहाल, घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना तीन दिन पुरानी टीला मोड़ थाना क्षेत्र के गरिमा गार्डन की है।

रोता रहा, कान पकड़ता रहा, लेकिन भीड़ नहीं मानी

इस घटना का जो वीडियो सामने आया है उसमें दिख रहा है कि कुछ लोग एक युवक को पकड़े हैं। इस दौरान एक महिला कह रही है, चल नीचे बैठ। तेरे पर जो उस्तरा मिला था, अब उस्तरा तेरे पर चलेगा। नशेड़ी, गंजेड़ी तुम्हारा काम ही ये रह गया है। इसके बाद युवक को लोग जबरन नीचे बैठाते हैं। फिर ट्रिमर से बाल काटकर उसे गंजा कर दिया। पूरे घटनाक्रम के दौरान युवक रोता रहा, बार-बार कान पकड़ता रहा। बार-बार कहता रहा कि क्या मैं 100 रुपए चुराउंगा? लेकिन किसी ने उसकी एक न सुनी। लोगों ने उसको कई थप्पड़ भी मारे।

पुलिस ने की वीडियो की जांच

DCP दीक्षा शर्मा ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद उसकी जांच की गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि पब्लिक ने जेब काटने के आरोप में एक लड़के को पकड़ लिया। फिर उसके बाल काट दिए। ऐसा वीडियो में भी दिख रहा है। जिस युवक के बाल काटे गए हैं उसका नाम शाहरुख है। हालांकि, अभी शाहरुख ने,थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी है।


मारपीट करने वाले 5 आरोपी अरेस्ट

साहिबाबाद ACP भास्कर वर्मा ने बताया कि एक वीडियो सामने आया था। इसमें शाहरुख नाम के एक युवक को कुछ लोग चोरी के आरोप में पीट रहे हैं। उसका मुंडन किया जा रहा है। इस मामले में टीला मोड़ पुलिस ने पुलिस ने जिन आरोपियों ाके गिरफ्तार किया है उनके नाम सलमान, शाहरुख, अनिल, जयकिशन और वाजिद है। वीडियो में भी इनके चेहरे की पुष्टि हो रही है।

धर्म विशेष जैसा मामला नहीं

ACP वर्मा ने बताया कि सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल हुआ। कुछ लोगों ने इस मामले को धर्म से जोड़ने की कोशिश की। हालांकि, ऐसा नहीं था। इसमें जो पीड़ित है उसका नाम शाहरुख है। जबकि एक आरोपी का नाम भी शाहरुख है। यानी, यह एक घटना थी। चोरी के शक में ही युवक को पीटा गया था।

साध्वी ने फेसबुक पर शेयर की वीडियो

गाजियाबाद की साध्वी आस्था मां ने सोमवार को इस घटना से जुड़े तीन वीडियो फेसबुक पर शेयर किए। इसके बाद वो वायरल होती चली गईं। हालांकि, साध्वी ने बाद में ये पोस्ट डिलीट कर दी। ऐसा चर्चा है कि जब ये पूरा घटनाक्रम हुआ, तो खुद साध्वी आस्था मां वहां पर मौजूद थीं। उन्होंने ही अपने मोबाइल से वीडियो भी बनाई। ने इस बात की पुष्टि के लिए आस्था मां से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।


 ehiesl
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *