आज गहलोत कर सकते हैं नई भर्तियों की घोषणा: सीएम विधानसभा में बजट बहस का जवाब देंगे, नेता प्रतिपक्ष की जगह पूनिया बोलेंगे

आज गहलोत कर सकते हैं नई भर्तियों की घोषणा: सीएम विधानसभा में बजट बहस का जवाब देंगे, नेता प्रतिपक्ष की जगह पूनिया बोलेंगे

विधानसभा में आज बजट बहस के जवाब में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत कई बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं। गहलोत चार बजे विधानसभा में बजट पर बहस का जवाब देंगे। बहस के जवाब में विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के साथ ही पिछले साल के बजट का पन्ना पढ़ने पर भी जवाब देंगे।

विपक्ष ने इस मुद्दे को बजट बहस के दौरान प्रमुखता से उठाया है। पीएम मोदी ने दौसा के धनावड़ में हुई सभा में भी इस पर तंज कसा था, ऐसे में गहलोत आज सदन में इस मुद्दे पर सदन में अपनी तरफ से बयान देंगे।

बजट बहस के जवाब में बड़ी घोषणाएं करने की परंपरा रही है। हर बार घोषणाएं होती हैं, ऐसे में आज भी कर्मचारियों और आम लोगों से जुड़ी कुछ घोषणाओं के आसार हैं। नए अस्पताल, स्कूल खोलने की घोषणाएं होंगी। बजट में छूटे हुए विकास कामों की स्थानीय स्तर की घोषणाएं भी होंगी। सबसे ज्यादा निगाह नई भर्तियों की घोषणा पर टिकी हुई है।

10 फरवरी को पेश किए गए बजट में 30 हजार सफाईकर्मियों की भर्ती के अलावा दूसरे विभागों में नई भर्तियों की घोषणा नहीं की गई थी। नई भर्तियों पर बजट में कहा गया कि विभागों में खाली पदों को भरा जाएगा। आज खाली पदों की गिनती के आधार पर नई भर्तियों की घोषणा के आसार हैं। कर्मचारियों के प्रमोशन और अलग-अलग वेतन विसंगतियों से जुड़ी मांगों के बारे में भी घोषणा करने के आसार हैं।

नेता प्रतिपक्ष की जगह पूनिया बोलेंगे

नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया की जगह आज बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया बजट पर बोलेंगे। गुलाबचंद कटारिया असम के राज्यपाल मनोनीत हो चुके हैं, ऐसे में कटारिया आज नेता प्रतिपक्ष के तौर पर नहीं बोलेंगे। आज 3 बजे सतीश पूनिया नेता प्रतिपक्ष की जगह बजट पर बोलेंगे। राज्यपाल के अभिभाषण और बजट बहस पर मुख्यमंत्री से ठीक पहले नेता प्रतिपक्ष का भाषण होता है।

कटारिया को आज सदन में विदाई दी जाएगी

गुलाबचंद कटारिया को आज विधानसभा में विदाई दी जाएगी। कटारिया के सम्मान में विधानसभा में शाम पांच बजे से विदाई समारोह होगा। विदाई समारोह में पक्ष और विपक्ष के नेता मौजूद रहेंगे। वरिष्ठ नेताओं के भाषण होंगे। आठ बार के विधायक गुलाबचंद कटारिया का लंबा संसदीय जीवन है। राजस्थान विधानसभा में पक्ष से लेकर विपक्ष तक कटारिया मुखर आवाज रहे हैं।

1977 से लेकर अब तक उन्होंने विधानसभा में राजनेताओं की कई पीढ़ियों को आते और जाते देखा है। आज विदाई समारोह में कटारिया अपने अनुभव साझा करेंगे। सीएम अशोक गहलोत, स्पीकर सीपी जोशी, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ सहित कई वरिष्ठ विधायक भी कटारिया के विदाई समारोह में बोलेंगे।


 ogcnew
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *