आगरा:पीड़ितों से मंत्री योगेंद्र बोले- चेक लेना हो तो लो,आगरा हादसे में परिवार को मुआवजे देने पहुंचे थे, कहा- मैं दूसरे तरह का नेता हूं

आगरा:पीड़ितों से मंत्री योगेंद्र बोले- चेक लेना हो तो लो,आगरा हादसे में परिवार को मुआवजे देने पहुंचे थे, कहा- मैं दूसरे तरह का नेता हूं

आगरा हादसे में जान गंवाने वाली बच्ची के परिवार वालों को मुआवजा देने के लिए कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को 2 लाख का मुआवजा थमाया तो परिवार ने राशि को कम बताया। इस पर मंत्री तल्ख हो गए। उन्होंने चेक वापस लेते हुए कहा, चेक लेना है तो लो। मैं दूसरे तरह का नेता हूं। आरोपी को जेल भेजवा तो दिया।

आगरा में गुरुवार सुबह सिटी स्टेशन रोड पर विशम्भर दयाल धर्मशाला में बेसमेंट की खुदाई के दौरान छह मकान गिर गए थे। इसमें एक परिवार के तीन लोग दब गए थे। इसमें चार साल की बच्ची की मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार को दो लाख रुपए के मुआवजे की घोषणा की थी। इसके बाद शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री और दक्षिण विधानसभा विधायक योगेंद्र उपाध्याय पूरे लाव लश्कर के साथ सुबह 11 बजे पीड़ित परिवार को मुआवजा राशि का चेक देने पहुंचे।

घटनास्थल के सामने ही पीड़ित परिवार धरने पर बैठे थे। कैबिनेट मंत्री आए। उन्होंने पीड़ित मुकेश शर्मा को बुलाया और चेक देने लगे। तभी वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने अनुरोध करते हुए कहा कि इस दो लाख रुपए से हमारा क्या होगा। हमारा तो सब कुछ चला गया। कैबिनेट मंत्री ने पहले तो चेक को वापस खींच लिया। फिर बोले चेक लेना है तो लो। मैं दूसरे तरह का नेता हूं। आरोपी को जेल भिजवा तो दिया। इतने में पीछे से मंत्री के पुत्र बोले हां, जेल तो भिजवा दिया है।

मंत्री बोले- बैक डेट में नोटिस जारी करने वाले अधिकारियों को खा जाऊंगा

वहीं, मंत्री ने एडीए द्वारा बैक डेट में नोटिस जारी करने वाले अधिकारियों को भी आडे़ हाथों लिया। उन्होंने कहाकि जिन अधिकारियों ने ऐसा किया है, उन्हें वो खा जाएंगे। मौके पर मौजूद अधिकारियों से कहा कि अगर कोई एडीए का अधिकारी है तो इसे सुन ले। मंत्री ने पीड़ितों को हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया है।

वहीं मंत्री का कहना है कि CM योगी पूरे मामले पर नजर बनाए हैं। प्रशासन भी हर पहलू पर नजर बनाए है। कहीं भी कोई लापरवाही नहीं होने पाएगी। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

अब तक तीन आरोपी हुए गिरफ्तार

आगरा हादसे के मुख्य आरोपी समेत दो और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अब तक पुलिस इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। एक जेसीबी और दो डंपर को सीज किया जा चुका है। पीड़ित मुकेश शर्मा की तहरीर पर कोतवाली में भवन निर्माण स्वामी राजू मेहरा और बिल्डर हरेश और अन्य के खिलाफ धारा 304, 337, 338 सहेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। गुरुवार शाम को पुलिस ने एक आरोपी राघवेन्द्र उपाध्याय निवासी केके नगर, थाना सिकंदरा को गिरफ्तार किया था। वहीं, पुलिस ने देर रात को हादसे का मुख्य आरोपी राजू मेहरा और हरेश को गिरफ्तार कर लिया है। इनकी तलाश के लिए कई टीमों को लगाया गया था।



 own85g
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *