नई दिल्ली:UP,पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में लौटगी शीतलहर:15 जनवरी के बाद से बढ़ सकती है सर्दी, आज 3 राज्यों में बारिश की संभावना

नई दिल्ली:UP,पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में लौटगी शीतलहर:15 जनवरी के बाद से बढ़ सकती है सर्दी, आज 3 राज्यों में बारिश की संभावना

देश में 14 जनवरी के बाद से ठंड और बढ़ सकती है। मौसम विज्ञान ने बताया कि 15 जनवरी से पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी में शीतलहर लौटने की आशंका है। वहीं, आज पंजाब, हरियाणा और यूपी के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना है, जिससे पारा और नीचे गिर सकता है। वेदर डॉट कॉम के मुताबिक आज उत्तरी, मध्य, पूर्वी, पश्चिमी, दक्षिणी और पूर्वोत्तर भारत में हवा की गुणवत्ता बहुत खराब रहने की संभावना है।

उधर, देश के उत्तरी हिस्से खासकर कश्मीर में पिछले 24 घंटे से बर्फबारी हो रही है, जिससे न सिर्फ जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया, बल्कि सर्दी भी बढ़ गई है। भारी बारिश-बर्फबारी से वैष्णोदेवी की हेलिकाप्टर सेवा बंद कर दी गई। भूस्खलन से कई मुख्य मार्ग बंद हैं। हिमाचल में बर्फबारी से 3 नेशनल हाईवे समेत 194 सड़कें बंद रहीं। हरियाणा में कड़ाके की सर्दी का तीसरा स्पैल शनिवार से शुरू हो जाएगा। दिन और रात का तापमान कम हो जाएगा। रात को पारा 5 डिग्री तक कम हो सकता है।

राजधानी दिल्ली में शीतलहर का कहर जारी है। यहां सुबह से ही तेज हवाएं चलने लगीं। राहत के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। शनिवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार सुबह दिल्ली की हवा बेहद खराब रही। यहां AQI 337 दर्ज किया गया। उधर, कोहरे में विजय चौक पर गणतंत्र दिवस की परेड के लिए रिहर्सल हो रही है।

उत्तर प्रदेश में 14 से 19 जनवरी तक भीषण ठंड की संभावना है। मौसम विभाग ने इसको लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है। लखनऊ समेत आस-पास के जिलों में आज हल्की बारिश हो सकती है। शुक्रवार को पूरे दिन धूप निकलने के बाद भी यूपी में गोरखपुर सबसे ठंडा रहा

पश्चिमी विक्षाेभ का असर खत्म हाेते ही कड़ाके की सर्दी का दूसरा चरण शुरू हाे गया है। शुक्रवार शाम से ही प्रदेशभर में सर्द हवा चलना शुरू हाे गईं, जिससे अगले कुछ दिन कंपाने वाली सर्दी पड़ेगी। इससे रात का पारा सामान्य से नीचे आ गया है और अब अधिकतम तापमान में गिरावट हाेगी।

माैसम विभाग ने अगले पांच दिन 16 शहराें में शीतलहर का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दाैरान तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस गिरने का अनुमान है। इस पूरे सप्ताह जाेरदार सर्दी पड़ने की संभावना है। बीती रात ज्यादातर शहराें में पारा 10 डिग्री से नीचे आ गया और जैसलमेर 5.4 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा शहर रहा

उत्तर भारत में पहुंचे वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण भोपाल में मौसम बदल गया है। शुक्रवार को शहर में 750 मीटर ऊंचे बादल छाए। सुबह धुंध छाई रही। इस दौरान विजिबिलिटी 3000 मीटर पहुंच गई थी। दिन में 16 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चली। बादल छाने के कारण रात के तापमान में 2.8 डिग्री का इजाफा हुआ जबकि दिन के तापमान में दो डिग्री की गिरावट हुई।

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि रात का तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री ज्यादा 13 डिग्री दर्ज किया गया। जिससे चलते बीते 10 दिनों के मुकाबले रात मठंड से थोड़ी राहत थी। सुबह से शहर में 750 से 900 मीटर के लो क्लाउड छाए रहे। बाद में बादलों की ऊंचाई बढ़कर 3000 मीटर हो गई थी। सुबह के वक्त नमी भी बढ़कर 80% हो गई। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण शहर में दक्षिणी-पश्चिमी हवा चली। दिन का तापमान 26.5 डिग्री रहा। गुरुवार के मुकाबले इसमें 1.2 डिग्री की गिरावट हुई। वेस्टर्न डिस्टरबेंस टर्फ के रूप में पहाड़ों पर माैजूद है। इससे वहां बर्फबारी हो सकती है। बर्फ पिघलने से यहां सर्द हवा आएगी। इससे रविवार को रात का पारा 3-4 डिग्री तक गिर सकता है।

बिहार: 20 शहरों में येलो अलर्ट, छपरा और सबौर रहा सबसे ठंडा

शुक्रवार को राज्य भर के 21 शहरों के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। शुक्रवार को छपरा और सबौर जिला सबसे ठंडा रहा जहां का न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सारण, अररिया, किशनगंज को छोड़कर राज्य के सभी शहरों के न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। राजधानी पटना के न्यूनतम तापमान में लगभग 1.7 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिहार के वैशाली, समस्तीपुर, मधेपुरा, मोतिहारी, पूर्णिया, सारण सहित 20 जिलों में शुक्रवार को घने कोहरे को ले कर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

हिमाचल: 194 सड़कें बंद रहीं और 148 बिजली के ट्रांसफार्मर ठप पड़े

पहाड़ों में बर्फबारी का दौर फिर जारी है। हिमाचल शिमला, चंबा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, मंडी और किन्नौर में बर्फबारी हुई है। ताजा बर्फबारी से प्रदेश में शुक्रवार को प्रदेश में तीन नेशनल हाईवे समेत 194 सड़कें बंद रहीं और 148 बिजली के ट्रांसफार्मर ठप पड़ गए। अटल टनल से वाहनों की आवाजाही एक बार फिर बंद हो गई है। मनाली-केलांग हाइवे भी बंद कर दिया गया। वीरवार रात को अटल टनल के पास डेढ़ फीट ताजा बर्फबारी होने के कारण रास्ता ब्लॉक हुआ। रोहतांग, कुंजुम, बारालाचा और कुगति दर्रा में बर्फबारी से पर्यटकों के चेहरे खिल उठे।

छत्तीसगढ़: राजधानी में दोपहर का पारा 15 डिग्री रिकार्ड किया गया

छत्तीसगढ़ में हवा की दिशा उत्तर से बदलकर पश्चिमी हो गई है। यह शुष्क है पर ठंडी नहीं है। पिछले दो-तीन दिन में तापमान करीब 3 डिग्री तक बढ़ गया है। मकर संक्रांति पर 14 जनवरी से सूर्य उत्तरायण हो रहा है। इस तारीख से छत्तीसगढ़ में ठंड में धीरे-धीरे कमी आने लगती है। मौसम विज्ञानियों का अनुमान है कि छत्तीसगढ़ के मैदानों ही नहीं बल्कि जंगल-पहाड़ों में भी अब ठंड में ज्यादा वृद्धि की संभावना नहीं है।

राजधानी में शुक्रवार को दोपहर का पारा 15 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह नार्मल से एक डिग्री ज्यादा है। अंबिकापुर, पेंड्रारोड, बिलासपुर और जगदलपुर में तापमान 10 से 14 डिग्री के बीच पहुंच गया है। राजनांदगांव में पारा सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा रहा है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में अगले एक-दो दिन में रात का तापमान में वृद्धि हो सकती है। रायपुर में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 15 के आसपास रहेगा।



 utfwot
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *