नहीं मिला मॉस्को-गोवा फ्लाइट में बम, हुई 10 घंटे तलाशी:अफरा-तफरी जामनगर एयरपोर्ट पर रातभर रही,10:30 बजे तक फ्लाइट उड़ान भरेगी

नहीं मिला मॉस्को-गोवा फ्लाइट में बम, हुई 10 घंटे तलाशी:अफरा-तफरी जामनगर एयरपोर्ट पर रातभर रही,10:30 बजे तक फ्लाइट उड़ान भरेगी

मॉस्को से गोवा आ रही रूसी एयरलाइन AZUR की फ्लाइट में सोमवार रात बम होने की सूचना मिली थी। देर रात पहुंची NSG की टीम ने 10 घंटे तक फ्लाइट, यात्रियों और क्रू मेंबर्स के सामान की तलाशी ली, लेकिन तलाशी में न तो बम मिला और न ही कुछ संदिग्ध मिला। बम की खबर झूठी निकली। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंगलवार सुबह 10:30 से 11 बजे के बीच फ्लाइट गोवा के लिए उड़ान भरेगी।

फ्लाइट में बम की खबर मिलने के बाद फ्लाइट की गुजरात के जामनगर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। इसके चलते रातभर जामनगर एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी रही। बम निरोधक दस्ता, गुजरात पुलिस और फायर ब्रिगेड सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पहुंची थी। 244 यात्रियों और क्रू मेंबर को फ्लाइट से उतारा गया। इसके बाद से वे एयरपोर्ट पर इंतजार कर रहे थे।

सबसे पहले जानिए मामला क्या है... कब जानकारी मिली

फ्लाइट सोमवार दोपहर 12.30 बजे मॉस्को से गोवा के लिए उड़ी थी। रात 9:30 बजे के आसपास फ्लाइट में बम होने की खबर मिली। जब तक फ्लाइट भारतीय एयर स्पेस में प्रवेश कर चुकी थी। यह जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर आ गईं। इसके बाद फ्लाइट को नजदीकी एयरपोर्ट जामनगर उतारने का फैसला किया गया। 20 मिनट बाद रात 9:50 पर फ्लाइट की लैंडिंग हुई। 10 बजे तक सभी यात्रियों को प्लेन से सुरक्षित उतार लिया गया। फ्लाइट को रात 11 बजे गोवा पहुंचना था।

गोवा ATC को धमकी का मेल मिला

गोवा एयर ट्रैफिक कंट्रोल को मेल के जरिए विमान में बम होने की सूचना मिली थी। हालांकि, अब तक पता नहीं चल सका है कि मेल किसने और क्यों किया था। AZUR की इस फ्लाइट में 236 यात्री सवार थे, ये सभी रूसी नागरिक हैं।

कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला

अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों और क्रू मेंबर्स के सामान और फ्लाइट की कई बार चेकिंग हो चुकी है। कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली है। वहीं जब फ्लाइट में बम की खबर मिली तो एयरपोर्ट पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।

रूसी ऐंबैसी ने बयान जारी किया

रूस ने कहा, हमें भारत से खबर मिली है कि मॉस्को से गोवा जा रही फ्लाइट में बम होने की खबर मिली है, सभी यात्री सुरक्षित हैं।रूसी एयरलाइंस Azur Air ने बयान जारी कर कहा कि फ्लाइट में बम की खबर मिलने के बाद इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई है। जांच के बाद ही आगे का कोई फैसला लिया जाएगा।

उधर, SP जामनगर ने बताया कि सभी यात्री और क्रू मेंबर्स सुरक्षित हैं। सभी एयरपोर्ट पर हैं, उनके नाश्ते का इंतजाम किया गया है। वहीं, फ्लाइट की चेकिंग के लिए NSG की टीम को बुलाने पर उन्होंने बताया कि यह एक इंटरनेशनल फ्लाइट है, ऐसे मामलों में NSG टीम से चेकिंग की SOP बनी हुई है। NSG की टीम की ओर से NOC मिलने के बाद ही फ्लाइट यहां से रवाना हो सकेगी।

सिंगापुर एयरलाइंस के एक विमान में बम होने की सूचना झूठी निकली। इसकी जानकारी सिंगापुर के रक्षा मंत्रालय ने दी। इसमें बताया गया कि सैन फ्रांसिस्को से फ्लाइट में बैठे यात्री ने अपने हैंडबैग में बम होने का दावा किया था। लैंडिंग के बाद तलाशी के दौरान कुछ भी नहीं मिला। फिलहाल, आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पढ़ें पूरी खबर...

मॉस्को से दिल्ली आई फ्लाइट में बम की खबर, रेस्क्यू टीम ने यात्रियों के सामान और प्लेन की तलाशी ली

अक्टूबर 2022 में मॉस्को से दिल्ली आई फ्लाइट में बम की खबर मिली थी। इसके बाद इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई। रेस्क्यू टीम ने सभी यात्रियों को सुरक्षित प्लेन से उतार लिया। यात्रियों के सामान और प्लेन की तलाशी ली गई, लेकिन कोई संदिग्ध चीज नहीं मिली।


 hqaj4j
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *