अंजलि और निधि की पुरानी पहचान नहीं आरोपियों से:दिल्ली पुलिस बोली- कार दीपक नहीं, अमित चला रहा था; आरोपी जानते थे फंसी है बॉडी

अंजलि और निधि की पुरानी पहचान नहीं आरोपियों से:दिल्ली पुलिस बोली- कार दीपक नहीं, अमित चला रहा था; आरोपी जानते थे फंसी है बॉडी

दिल्ली के कंझावला हादसे में गुरुवार को पुलिस ने 2 बड़े खुलासे किए। पहला- आरोपी 5 नहीं, बल्कि 7 हैं। दो नए आरोपी आशुतोष और अंकुश खन्ना की तलाश की जा रही है। दूसरा- आरोपियों का मृतक लड़की अंजलि और चश्मदीद निधि के साथ पुराना कनेक्शन नहीं है। इधर, दिल्ली की रोहिणी कोर्ट ने 5 आरोपियों की पुलिस कस्टडी 4 दिन के लिए बढ़ा दी है।

पुलिस जांच में ये 4 बातें भी सामने आईं...

स्पेशल CP सागर प्रीत हुड्डा ने बताया कि जो नए आरोपी हैं उनमें से एक आरोपी का भाई अमित है। वही गाड़ी चला रहा था। उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है। उसे बचाने के लिए ही दीपक का नाम आगे किया गया।

आरोपियों को पता था कि लड़की कार के नीचे फंसी है। इसके बाद भी वे गाड़ी चलाते रहे।

हादसा 31 दिसंबर की रात को 2 बजकर 4 मिनट से 2 बजकर 6 मिनट के बीच हुआ।

अंजलि का मोबाइल अभी तक नहीं मिल पाया है।

पांचों आरोपियों को चार और दिन की पुलिस कस्टडी में लिया गया है।

दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने कहा है कि कंझावला मामले में सीबीआई जांच हो।

चश्मदीद निधि की मां सुदेश ने कहा है कि निधि 3 बजे घर आई थी। वो बहुत ज्यादा घबराई हुई थी। उसकी (मृतका) मां गलत बोल रही हैं। निधि ने बताया था कि बहुत बड़ा एक्सीडेंट हुआ है। उस लड़की को मारा गया है। वो लड़के निधि के ऊपर भी गाड़ी चढ़ा रहे थे।

चश्मदीद निधि के घर दिल्ली पुलिस पहुंची है।

24 घंटे में 3 और वीडियो सामने आए...

31 दिसंबर की रात के 3 और वीडियो पिछले 24 घंटे में सामने आए हैं। बाकी के 4 वीडियो 2 और 3 जनवरी को आए थे। ऐसा कहा जा रहा है कि पुलिस को वारदात रूट के 23 वीडियो मिले हैं। इन्हीं को आधार बनाकर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

अब तक के घटनाक्रम को ऐसे समझिए...

31 दिसंबर: कार से लड़की को 12 किमी तक घसीटा

रात करीब 1.30 बजे कंझावला इलाके में यह हादसा होता है। पुलिस के मुताबिक, अंजलि स्कूटी से घर लौट रही थी। कार सवार 5 युवकों ने टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद युवक कार लेकर भाग निकले। अंजलि कार के नीचे फंसी रही। उसे 12 किमी तक घसीटा गया। पहले 4 किमी घसीटने की बात सामने आई थी। निधि हादसे के बाद मौके से भाग गई और घर पहुंच गई थी।

1 जनवरी: पुलिस ने बिना कपड़ों के लाश बरामद की, आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में पांचों आरोपी मनोज मित्तल, दीपक खन्ना, अमित खन्ना, कृष्ण और मिथुन को गिरफ्तार कर लिया। कार भी जब्त कर ली। DCP हरेन्द्र सिंह ने बताया कि शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे पुलिस को खबर मिली कि कंझावला इलाके में एक लड़की सड़क किनारे बिना कपड़ों के पड़ी है। खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो लड़की का शव पड़ा मिला।

2 जनवरी: लड़की को कार से घसीटने के फुटेज सामने आए

सोमवार को सुल्तानपुर से कंझावला इलाके का एक CCTV फुटेज सामने आया। इसमें युवती को कार के नीचे घिसटते देखा जा सकता है। इसके बाद आम आदमी पार्टी ( AAP) ने प्रदर्शन किया। CM अरविंद केजरीवाल ने सख्त से सख्त सजा देने की मांग की।

उधर, शाम तक गृह मंत्री अमित शाह ने मामले को लेकर दिल्ली पुलिस से फौरन रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। मामले की जांच दिल्ली पुलिस की महिला अफसर शालिनी सिंह को सौंपी। कोर्ट ने पांचों आरोपियों को तीन दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया। पोस्टमॉर्टम करने के लिए तीन सदस्यीय बोर्ड बना। दिल्ली के LG वीके सक्सेना ने पुलिस कमिश्नर से स्टेटस रिपोर्ट मांगी।

पुलिस ने एक्सीडेंट तो परिवार ने मर्डर बताया

पीड़ित का परिवार: मां का कहना था कि वह बहुत सारे कपड़े पहने थी, लेकिन जब उसकी बॉडी मिली तो वह पूरी तरह नेकेड थी। एक भी कपड़ा नहीं था। ये कैसा एक्सीडेंट है?

पुलिस का दावा: DCP हरेन्द्र सिंह ने बताया कि ये पूरा मामला एक्सीडेंट का है। हादसे से लड़की की बॉडी क्षतविक्षत हो गई। लहूलुहान हो गई।

मंगलवार को इस मामले में निधि नाम की लड़की की एंट्री हुई। अंजलि और निधि का 31 दिसंबर की रात का एक फुटेज मिला। यह OYO होटल के सामने का था। इसमें दोनों स्कूटी के पास बात करती देखी जा सकती हैं। इसके बाद दोनों स्कूटी से घर के लिए निकल जाती हैं।

छानबीन में सामने आया है कि अंजलि निधि के साथ न्यू-ईयर पार्टी करने होटल गई थी। होटल के मैनेजर ने पुलिस को बताया है कि लड़कियों की किसी बात पर दोस्तों से लड़ाई हो गई थी, बाद में उनकी आपस में भी लड़ाई हुई और फिर होटल स्टाफ ने उन्हें जाने के लिए कहा था।

निधि ने दावा किया, अंजलि बहुत नशे की हालत में थी। मैंने उसे कहा था कि मुझे स्कूटी चलाने दे लेकिन उसने मुझे स्कूटी चलाने नहीं दी। कार से टक्कर हुई उसके बाद मैं एक तरफ गिर गई और वो कार के नीचे आ गई, उसके बाद गाड़ी के नीचे वह किसी चीज में अटक गई। उसे गाड़ी घसीटते हुए ले गई। मैं डर गई थी इसलिए मैं वहां से चली गई और किसी को कुछ नहीं बताया।

उधर, दोपहर तक अंजलि की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में रेप न होने की पुष्टि होती है। इसमें उसके शरीर पर 40 जख्मों के निशान मिलने की बात सामने आती है।

4 जनवरी: फोरेंसिक रिपोर्ट सामने आई, निर्भया की मां अंजलि के परिवार से मिलीं

अंजलि की मां ने शक जाहिर किया है कि खुद को अंजलि की दोस्त बता रही निधि भी इसमें शामिल हो सकती है। उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया मृतका की मां से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने 10 लाख रुपए देने का ऐलान किया।

फोरेंसिक रिपोर्ट सामने आई। इसमें कार के अंदर अंजलि के होने का कोई सबूत नहीं मिला है। इसमें बताया गया कि अंजलि कार के फ्रंट लेफ्ट टायर में फंसी थी, क्योंकि इसी टायर के पीछे ज्यादातर खून के धब्बे पाए गए हैं। कार के नीचे दूसरे हिस्सों में भी खून के धब्बे मिले हैं। निर्भया की मां आशा देवी ने अंजलि के परिवार से मुलाकात की।

सभी आरोपी पुलिस की रिमांड पर

फिलहाल पांचों आरोपी मनोज मित्तल, दीपक खन्ना, अमित खन्ना, कृष्ण और मिथुन को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर हैं। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, एक्सीडेंट के दौरान दीपक खन्ना कार ड्राइव कर रहा था। इनमें मनोज मित्तल भाजपा का नेता बताया जा रहा है।

कंझावला में 20 साल की अंजलि को कार से घसीटकर मारने के आरोपियों के घर ताले लटके हैं। पड़ोसियों से बात करने पर पता चला कि चार आरोपियों का झगड़े या शराब पीकर हंगामा करने का रिकॉर्ड नहीं है। बस मनोज मित्तल के बारे में एक पड़ोसी ने बताया कि वह सट्टे का काम करता था।

जोमैटो डिलीवरी बॉय विकास मेहरा कंझावला कांड के चश्मदीद गवाहों में से एक हैं। विकास बताते हैं- मुझे कार के नीचे लड़की का सिर नजर आया, उसकी पूरी बॉडी कार के नीचे घिसट रही थी। मेरी तो जान ही निकल गई। वो गाड़ी मुझसे भी टकराने वाली थी, लेकिन स्पीड बढ़ाकर मुझसे आगे निकल गई।



 jkegiy
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *