फ्लाइट वाराणसी में आधे घंटे तक हवा में रही:कोहरे के कारण वापस लौटी मुंबई; कानपुर में सीजन की सबसे सर्द रात

फ्लाइट वाराणसी में आधे घंटे तक हवा में रही:कोहरे के कारण वापस लौटी मुंबई; कानपुर में सीजन की सबसे सर्द रात

यूपी में कोहरे और ठंड का असर जारी है। कानपुर में गुरुवार रात सीजन की सबसे सर्द रही। यहां पारा 5.3 डिग्री तक गिर गया। वहीं, शुक्रवार सुबह राजधानी लखनऊ में घना कोहरा छाया रहा। यहां 7.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। विजिबिलिटी कम होने के चलते 15 से ज्यादा फ्लाइट्स ने 4 घंटे लेट उड़ान भरी।

इतना ही नहीं, वाराणसी में 30 मिनट तक फ्लाइट हवा में ही घूमती रही। कोहरे के चलते लैंडिंग की परमिशन नहीं मिली। इसके बाद फ्लाइट 150 पैसेंजर को लेकर वापस मुंबई लौट गई। भीषण ठंड और सर्द हवाओं के आगे हल्की धूप बेअसर साबित हो रही है।

लखनऊ में दृश्यता सिर्फ 20 मीटर

शुक्रवार को लखनऊ में घना कोहरा पड़ रहा है। इसकी वजह से विजिबिलिटी करीब 20 मीटर तक आ गई। कोहरे की वजह से सड़कों पर सिर्फ स्ट्रीट लाइट ही दिख रही थी। गुरुवार दिन में अधिकतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है, जोकि सामान्य से 1.3 डिग्री नीचे था। यहां न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे था।

गुरुवार-शुक्रवार की रात कानपुर में सीजन की सबसे सर्द रात रही। रात का पारा 5.3 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान भी 2 डिग्री गिरकर 21.4 डिग्री तक नीचे आ गया। अनुमान है कि अगले 24 घंटों में मौसम फिर करवट लेगा। तेज बर्फीली हवाएं चलेंगी। दिन-रात का पारा और गिरेगा। चार से पांच दिन में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री पहुंचने की संभावना है। बुधवार के मुकाबले गुरुवार को दिन के तापमान 1.4 डिग्री और रात के तापमान में 1.2 डिग्री की कमी आई। यहां भी कोहरा छाया हुआ है।

वाराणसी में शुक्रवार को विजिबिलिटी 50 मीटर और तापमान 6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। ग्रामीण इलाकों और हाईवे की तरफ ज्यादा हालात खराब हैं। गुरुवार देर रात रात स्पाइसजेट का विमान भी वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सका।

मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि वाराणसी में ठंड अब बढ़ सकती है। जनवरी की शुरुआत में घने कोहरे के साथ ही तापमान 4-5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वाराणसी का अधिकतम तापमान और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम 21 डिग्री सेल्सियस और 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अब यह तापमान और भी नीचे आ सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पहाड़ पर बर्फबारी और वहां से उठ रही सर्द हवाओं का असर दिख रहा है। विभाग के अगले 7 दिन के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 3 दिन में ठंड में मामूली राहत मिल सकती है। दिन-रात के तापमान में 2 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। सुबह और रात में घना कोहरा बना रहेगा।

2023 की शुरुआत कड़ाके की ठंड और कोहरे से होने के आसार हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 24 घंटे के दौरान समूचे प्रदेश में बर्फीली हवाएं चलेंगी। प्रदेश के पूर्वी व पश्चिमी जिले में कड़ाके की ठंड रहेगी।

वाराणसी में फ्लाइट लैंड नहीं कर सकी, मुंबई लौटी

वाराणसी के लाल बहादुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के ऊपर करीब आधे घंटे तक हवा में चक्कर लगाने के बाद विमान मुंबई डायवर्ट हो गया। घना कोहरे की वजह से एयरपोर्ट की विजिबिलिटी 25 मीटर थी। स्पाइसजेट का विमान SG- 201 मुंबई हवाई अड्डे से उड़ान भरकर गुरुवार रात वाराणसी के बाबतपुर एयरपोर्ट के ऊपर 4 चक्कर लगाया। रात 10 बजकर 15 मिनट पर विमान को डायवर्ट कर मुंबई रवाना कर दिया गया। मौसम खराब होने के वजह विमान को लैंड करने की अनुमति नहीं मिली।

स्पाइस जेट के स्थानीय प्रबंधक राजेश ने कहा कि विमान में 108 यात्री सवार थे। उन्होंने कहा कि यात्री या तो अपना पैसा वापस ले लें या फिर यात्रा की तारीख बदल दें। वहीं, बाबतपुर एयरपोर्ट पर 187 यात्री उसी विमान से वापस मुंबई जाने को तैयार थे। मगर, विमान देर रात तक नहीं आया।

लखनऊ एयरपोर्ट पर फ्लाइट लेट उड़ान भर सकी

लखनऊ के अमौसी हवाई अड्‌डे पर दिल्ली, मुंबई समेत अन्य शहरों के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट की टाइमिंग चरमरा गई। करीब 1 से 4 घंटे तक फ्लाइट लेट हुईं। एयर ट्रैफिक के लिए कम से कम 50 मीटर की दृश्यता जरूरी है। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक सुबह दृशता शून्य रही। दिल्ली जाने वाली इंडिगो फ्लाइट गुरुवार सुबह 6.35 बजे की जगह 9.06 बजे उड़ान भर सकी। गो एयरलाइन की उड़ान सुबह 6.45 बजे की जगह 9.11 बजे उड़ान भर सकी। एयर एशिया की बेंगलुरु फ्लाइट सुबह 9.45 बजे की जगह 10.45 बजे उड़ान भर सकी।


 zou6mr
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *