डोटासरा बोले- यात्रा को कोरोना से जोड़ना बौखलाहट, भाजपा को क्यों नहीं दिखीं अपनी जनाक्रोश यात्राएं

डोटासरा बोले- यात्रा को कोरोना से जोड़ना बौखलाहट, भाजपा को क्यों नहीं दिखीं अपनी जनाक्रोश यात्राएं

राजस्थान के तीन भाजपा सांसदों की मांग पर केंद्र सरकार ने राहुल गांधी से यात्रा रोकने की अपील की है। इसके लिए कोरोना महामारी बढ़ने का हवाला दिया है। भाजपा सांसद पीपी चौधरी, निहालचंद मेघवाल और देवजी पटेल की ओर से उठाई गई मांग को आधार बनाते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने राहुल को लेटर लिखा है। उन्होंने कहा कि देश में कोरोना का खतरा देखते हुए कोविड गाइडलाइन का पालन किया जाए। अगर गाइडलाइन नहीं अपना पा रहे तो भारत जोड़ो यात्रा स्थगित कर दें।

इस लेटर के बाद राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने सवाल उठाया है कि भाजपा सांसदों और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को राहुल की यात्रा दिख रही है लेकिन भाजपा की जनाक्रोश यात्राएं क्यों नहीं दिख रही? कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने दैनिक भास्कर से बातचीत में कहा कि राहुल की यात्रा को कोरोना से जोड़ना भाजपा की बौखलाहट को दर्शाता है। भारत जोड़ो यात्रा को जिस तरह जबर्दस्त सफलता मिल रही है, उसको देखकर भाजपा घबरा गई है।

डोटासरा ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा सफलता से राजस्थान से गुजर गई, कहीं काेरोना का एक केस भी सामने नहीं आया। राहुल गांधी को यात्रा रोकने का लेटर लिखने से पहले केंद्र सरकार को राज्य सरकार से जानकारी मांगनी चाहिए थी कि कहीं कोई कोरोना का मामला मिला है क्या?

डोटासरा ने कहा कि राहुल गांधी जैसा अपनी यात्राओं में कह रहे हैं कि देश में बोलने का अधिकार छीना जा रहा है। देश में नफरत फैलाई जा रही है। आम आदमी महंगाई की मार से परेशान है। राहुल की ये बातें भाजपा को डरा रही है। इसी डर के कारण अब राहुल की यात्रा को येनकेन प्रकारेण डिस्टर्ब करने की कोशिश हो रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को राहुल की यात्रा तो दिख रही है लेकिन भाजपा की जनाक्रोश यात्राएं नहीं दिख रही। राहुल को जिस तरह से लेटर लिखा गया, उनको राजस्थान के भाजपा नेताओं को भी लिखना चाहिए था।

राहुल की यात्रा पर सवाल उठाने वाले भाजपा सांसदों का खुद की जनाक्रोश यात्राओं पर अलग स्टैंड

उधर, भाजपा के जिन तीन सांसदों की मांग पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने राहुल गांधी को यात्रा रोकने का लेटर लिखा गया उनमें से एक निहालचंद मेघवाल से भास्कर ने बातचीत की। मेघवाल से पूछा गया कि आपने राहुल गांधी की यात्रा को रोकने के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखा लेकिन भाजपा की जनाक्रोश यात्राओं को लेकर आपका क्या स्टैंड है? इस पर सांसद मेघवाल ने कहा कि राहुल गांधी की यात्रा में कोरोना के केस सामने आ रहे हैं, इसलिए हमने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को लेटर लिखा था। भाजपा की यात्राओं के लिए उन्होंने कहा कि इस बारे में हमने कोई मांग नहीं उठाई। हालांकि उन्होंने यह जरूर कहा कि अगर कोई कोरोना पीड़ित है तो उसको बाकी लोगों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए जनाक्रोश यात्राओं में शामिल नहीं होना चाहिए।

भाजपा विधानसभा क्षेत्रवार रोजाना कर रही बड़ी सभाएं, 31 तक चलेंगी

भाजपा ने 1 दिसंबर से राज्यभर में जनाक्रोश यात्राएं शुरू की थीं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा ने जयपुर से भाजपा के जनाक्रोश आंदालन की शुरुआत की थी। एक से 15 दिसंबर तक सभी जिलों में गांव-गांव तक भाजपा ने जनाक्रोश यात्राएं निकाली। अब 15 दिसंबर से विधानसभा क्षेत्रों में बड़ी सभाओं का सिलसिला चल रहा है।

हर दिन करीब पांच-छह विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा की जनाक्रोश सभाएं हो रही हैं। 31 दिसंबर तक 200 बड़ी सभाएं करने का भाजपा का प्लान है। प्रदेश मंत्री और जनाक्रोश आंदोलन के प्रवास प्रभारी श्रवण सिंह बगड़ी का कहना है कि हमें जनाक्रोश सभाओं को स्थगित करने को लेकर कोई निर्देश नहीं मिले हैं। सभाओं के कार्यक्रम यथावत हैं। आज भी बांसवाड़ा, कुशलगढ़, बूंदी और हनुमानगढ़ में सभाएं हो रही हैं।


 re3fwh
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *