मेरठ में पति-पत्नी की सुलह कराने लगी थी पंचायत, दोनों पक्षों में चले लात-घूसे

मेरठ में पति-पत्नी की सुलह कराने लगी थी पंचायत, दोनों पक्षों में चले लात-घूसे

मेरठ में पति, पत्नी में 8 महीने से चल रही घरेलू कलह सुलझाने के लिए बैठी पंचायत में जमकर सिर फुटव्वल हुआ। दोनों पक्ष पंचों के सामने ही लड़ पड़े। विवाद गाली, गलौज से शुरू हुआ और इतना बढ़ गया कि पंचायत में ही दोनों पक्षों में जूता चल गया। ससुराल और मायके पक्ष में मारपीट का कुछ लोगों ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने 3 लोगों को हिरासत में लिया है। घायलों को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया है।

गलती न मानने पर भिड़े दोनों पक्ष

मामला मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के समर गार्डन का है। जहां मंगलवार को पति, पत्नी का विवाद सुलझाने के लिए पंचायत बैठी थी। पंचायत में दोनों पक्षों के लोग मौजूद थे। तभी दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और बात मारपीट पर आ गई। दोनों पक्षों ने सड़क पर एक दूसरे को खूब पीटा। इसके बाद थाने के बाहर भी खूब मारपीट हुई। बार-बार समझाने के बाद भी दोनों पक्ष शांत नहीं हुए और मारपीट चलती रही। पुलिस ने दोनों पक्षों के 12 लोगों को अस्पताल इलाज के लिए भेजा है।

घरेलू कलह से उपजा था विवाद

दरअसल ये पूरा मामला पति, पत्नी के घरेलू कलह में सुलह कराने से शुरू हुआ। परतापुर के डूंगरावली गांव के रहने वाले इस्लाम की बेटी आसमां की शादी 5 साल पहले समर गार्डन साठ फुटा निवासी बिलाल से हुई थी। पिछले 8 महीने से आसमां, बिलाल में अनबन चल रही थी। अनबन इतनी बढ़ी कि बिलाल ने आसमां के साथ ससुराल में मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। आसमां ससुराल से निकलकर मायके में आकर रहने लगी। इस बीच दोनों परिवारों ने कई बार पति, पत्नी में समझौता कराने का प्रयास किया। मगर हर कोशिश नाकाम रही। मंगलवार को पंचायत में समझौता कराने की बात पर दोनों परिवार मिले, लेकिन कहानी उलटी हो गई। सुलह की बजाय विवाद बढ़ गया।

बिलाल का अफेयर बना झगड़े की जड़

पंचायत में आसमां पक्ष ने पति, पत्नी में कलह का कारण आसमां के शौहर बिलाल का अफेयर बताया। कहा कि बिलाल का एक महिला से चक्कर चल रहा है। बिलाल शादी के बाद भी उस महिला से मिलता है। 8 महीने पहले आसमां ने बिलाल के मोबाइल में दोनों लोगों के गलत फोटो देख लिए थे। वहीं से पति, पत्नी में झगड़ा शुरू हो गया। आसमां ने बिलाल से कहा कि उस महिला को छोड़कर गृहस्थी में ध्यान दे। वो उसे कुछ नहीं कहेगी, लेकिन बिलाल नहीं माना। उसने बीवी को ही मारपीट कर घर से निकाल दिया।

दोनों पक्षों के लोगों के आई चोटें

मंगलवार को सुलह को बुलाई पंचायत में दोनों पक्ष सरे बाजार भिड़ गई। सुलह की जगह कलह हो गई। दोनों ओर से जमकर पथराव हुआ। जिसमें आसमां का पिता इस्लाम और उसके साथ आए दिलशाद, नजमू, इरशाद, आसिफ और मंगत, वहीं दूसरे पक्ष से बिलाल, अनीस, नईम, अनस और जुबेर सहित मोहल्ले के ही रहने वाले वहाब और राहुल घायल हो गए।

थाने के बाहर भी जमकर मारपीट

घटना के बाद दोनों ही पक्ष थाने पहुंचे। जहां हंगामा करते हुए दोनों पक्ष के लोग थाने के बाहर ही भिड़ गए वहीं पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, खूनी संघर्ष में घायल हुए एक दर्जन लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराते हुए पुलिस कार्रवाई में जुटी है। उधर, लिसाड़ी गेट इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जा रही है।


 hfbthh
yhfee@chitthi.in, 10 June 2023

Leave a Reply

Required fields are marked *