Bharat Jodo Yatra: दौसा जिले में पूरी हुई यात्रा, जोश, जुनून व जज्बे के साथ उमड़ा जन सैलाब, अलवर जिले में एंट्री

Bharat Jodo Yatra: दौसा जिले में पूरी हुई यात्रा, जोश, जुनून व जज्बे के साथ उमड़ा जन सैलाब, अलवर जिले में एंट्री

राजस्थान में सबसे ज्यादा करीब 112 किलोमीटर दौसा जिले में चलने के बाद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अलवर जिले में एंट्री कर चुकी है। सोमवार सुबह 6 बजे बांदीकुई के कौलाना से रवाना हुई यात्रा बसवा से गुजरते हुए अलवर जिले के राजगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सुरेर गांव में पहुंची।

अलसुबह यात्रा शुरू होने के दौरान राहुल गांधी के साथ सीएम अशोक गहलोत, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा व बांदीकुई विधायक जीआर खटाणा ने कदमताल की।

यात्रा के स्वागत में सड़क किनारे लोगों का हुजूम उमड़ा तो वहीं जगह-जगह पुष्प वर्षा कर अभिनंदन किया। यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने बसवा में जयसिंहपुरा फाटक के पास किसान कालूराम मीणा के घर पर टी-ब्रेक किया।

साथ ही कालूराम व परिवार के सदस्यों से भी राहुल ने चर्चा की। अलवर जिले में प्रवेश करने से पहले राहुल ने एक किसान व कई ग्रामीणों महिलाओं से बात कर उनकी समस्याएं सुनीं। यात्रा में राहुल एक पूर्व सैनिक से भी बात करते देखे गए।

स्टोन कलाकृति व योग करतब दिखाए

इससे पहले यात्रा के सिकराय क्षेत्र से गुजरने के दौरान बड़ा जन सैलाब उमड़ा। गिरधरपुरा टोल प्लाजा से लेकर सिकंदरा गांव से हजारों लोग यात्रा से जुड़े। सिकंदरा चौराहे पर तो लोगों के सैलाब के चलते पैर रखने तक को जगह नहीं मिली। सड़क किनारे खड़े लोगों ने जमकर नारेबाजी की।

योग स्टूडेंटस ने करबत दिखाए तो स्टोन से बनी कलाकृतियां भी सजाई गईं। भारत यात्रियों का कहना था कि दौसा जिला मुख्यालय के बाद सबसे ज्यादा भीड़ सिकराय क्षेत्र में यात्रा से जुड़ी।

गहलोत-पायलट के जयकारे

यात्रा के दौरान दर्जनों लोग हाथों में तिरंगा लेकर अशोक गहलोत जिंदाबाद के नारे लगाते हुए चल रहे थे। इसके बाद युवाओं ने सचिन पायलट जिंदाबाद व हमारा सीएम सचिन पायलट जैसा हो के नारे लगाए।

सिकंदरा चौराहे से लेकर मुकरपुरा चौराहे तक युवाओं ने सचिन पायलट आई लव यू के भी जमकर नारे लगाए। हालांकि भारत यात्रियों ने जोड़ो-जोड़ो भारत जोड़ो के नारे भी लगाए।

Leave a Reply

Required fields are marked *