मुजफ्फरनगर: सिटी मजिस्ट्रेट को चौपट मिली सफाई व्यवस्था, पालिका प्रशासक ने गैर हाजिर सफाई कर्मियों को किया सस्पेंड

मुजफ्फरनगर: सिटी मजिस्ट्रेट को चौपट मिली सफाई व्यवस्था, पालिका प्रशासक ने गैर हाजिर सफाई कर्मियों को किया सस्पेंड

शहर में सफाई व्यवस्था की हकीकत जानने के लिए एक बार फिर से सड़कों पर उतरे पालिका प्रशासक और नगर मजिस्ट्रेट अनूप कुमार को पूर्व में दिये गये निर्देशों और चेतावनी का कोई भी असर नजर नहीं आया। उनको सफाई की व्यवस्था आज भी निरीक्षण में बदहाल मिली तो उन्होंने पालिका के ईओ हेमराज सिंह को मौके पर ही आड़े हाथ ले लिया। इसके साथ ही पालिका की सफाई निरीक्षक प्लक्षा मैनवाल की कार्यप्रणाली को लेकर भी कड़ी नाराजगी जताते हुए उनको कार्य व्यवहार सही नहीं करने पर कार्यवाही की चेतावनी दी। वहीं निरीक्षण में ड्यूटी से नदारद पाये गये दो सफाई कर्मचारियों को पालिका प्रशासक ने सस्पेंड कर दिया।


सफाई के मामले में समझौता नहीं होगा

नगरपालिका परिषद् प्रशासक और नगर मजिस्ट्रेट अनूप कुमार शनिवार को नगरीय क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को परखने के लिए सवेरे भ्रमण पर निकले। उनके द्वारा भगत सिंह रोड तथा उसके आसपास के वार्डों का निरीक्षण करते हुए सफाई कार्य को परखा गया। जब वह सड़क पर निकले तो सफाई व्यवस्था को बदहाल देखा, यहां वहां उनको कूड़ा करकट और गन्दगी के ढेर ही मिले। नालियों में सिल्ट जमा होने के कारण पानी रूका पाया गया और कई लोगों को रोककर उनके द्वारा सफाई की स्थिति की जानकारी ली गई तो पूरी कलई ही उनके सामने खुल गयी। कुछ लोगों ने यहां तक कहा कि सफाई कर्मचारी आते ही नहीं है। इसके बाद उन्होंने सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति चैक की तो तीन सफाई कर्मचारी बिना बताये ही ड्यूटी से नदारद पाये गये। पालिका प्रशासक ने इस व्यवस्था को लेकर उनके साथ चल रहे पालिका ईओ हेमराज सिंह और सफाई निरीक्षक प्लाक्षा मैनवाल के प्रति भी नाराजगी जताई। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि सफाई से कोई समझौता नहीं होगा।


नगर मजिस्ट्रेट व प्रशासक अनूप कुमार ने बताया कि शनिवार को उन्होंने सुबह 7.00 से 9.00 बजे तक भगत सिंह रोड तथा उसके आसपास के वार्डों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सफाई की स्थिति अच्छी नहीं मिलने पर ईओ को सुधार के निर्देश दिये गये, वहीं ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने पर अनुपस्थित कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। सूत्रों के अनुसार इस कार्यवाही के दौरान पालिका प्रशासक के निर्देश पर ईओ हेमराज सिंह ने वार्ड 41 में गायब मिले सफाई कर्मचारी रामनाथ पुत्र इतवारी व सुनील पुत्र नरेश कुमार को सस्पेंड करने का आदेश जारी कर दिया। जबकि संविदा महिला सफाई कर्मचारी बालेश देवी पत्नी अनूप कुमार का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिये हैं।

Leave a Reply

Required fields are marked *