शादी समारोह में बच्ची से रेप की कोशिश :मैनपुरी

शादी समारोह में बच्ची से रेप की कोशिश :मैनपुरी

मैनपुरी में 6 साल की बच्ची से मामा की शादी में रेप करने का प्रयास किया गया। बच्ची अपनी मां के साथ शादी में शामिल होने दिल्ली से आई हुई थी। बच्ची मां के साथ टॉयलेट जाने की बात कह रही थी। कुछ देर बाद वो अकेले ही चली गई।


तभी उसके साथ पड़ोस में रहने वाले युवक ने घटना को अंजाम दिया। बच्ची खून से लथपथ मां को टॉयलेट के पास मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बच्ची को मेडिकल टेस्ट के लिए भेजा। बच्ची की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। मामला शुक्रवार देर रात 11 बजे का है। घटना मैनपुरी शहर के मोहल्ला गाड़ीवान की है।


बच्ची के प्राइवेट पार्ट से निकल रहा था खून

बच्ची की मां का कहना है कि मेरी बेटी टॉयलेट जाने के लिए बोल रही थी। उसके बाद वो खेल में लग गई। आरोपी मेरी बेटी पर नजर बनाए हुए था। कुछ देर बाद वो मेरी बेटी के पास पहुंचा और बहला कर अपने साथ ले गया।


जब वो बहुत देर तक नहीं दिखी तो हम लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। बेटी को ढूंढते हुए हम लोग हॉल के बाहर पहुंचे। जहां मेरी बेटी खून से लथपथ पड़ी हुई थी। उसके प्राइवेट पार्ट से खून निकल रहा था। उसने रोते हुए पड़ोसी युवक का नाम लिया था।


परिवार का कहना है कि पुलिस मामले को छेड़छाड़ से जोड़ रही है। जबकि मेरी बेटी के साथ रेप किया गया है। आरोपी का पिता ठेले पर कचौरी बेचने का काम करता है। गांव के गुस्साए लोगों ने उसका ठेला जला दिया। गांव के लोग सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन कर रहे हैं


पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। लेकिन, पुलिस ने शनिवार सुबह आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी पर धारा 354, 323 और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने भाई-पिता के खिलाफ भी केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। जल्दी ही उसको जेल भेज दिया जाएगा। बच्ची का इलाज भी करवाया गया है। उसकी हालत गंभीर है।


आक्रोशित परिजनों ने लगाया जाम

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने पड़ोसियों के साथ मिलकर आगरा मैनपुरी रोड पर चक्का जाम कर दिया। उन लोगों ने आरोपी के पिता के ठेले में आग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बहुत मुश्किल से लोगों को शांत करवाया।

Leave a Reply

Required fields are marked *